वृंदावन स्टीमर हादसा: छह घंटे बाद भी जारी रेस्क्यू, 27 में से 12 बचाए गये जबकि दस शव बरामद हो चुके, पांच की तलाश अभी भी जारी

वृंदावन। यहां के केसी घाट पर यमुना में शुक्रवार अपराह्न हुए दर्दनाक स्टीमर हादसे के छह घंटे बाद भी यमुना नदी में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। स्टीमर में पहले 30 श्रद्धालुओं के सवार होने की बात सामने आई थी, लेकिन अब प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह संख्या 27 बताई जा रही है। इनमें से 12 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 10 शव बरामद किए जा चुके हैं। शेष पांच तीर्थयात्रियों की तलाश जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या 15 तक पहुंच सकती है।

Apr 10, 2026 - 21:09
 0
वृंदावन स्टीमर हादसा: छह घंटे बाद भी जारी रेस्क्यू, 27 में से 12 बचाए गये जबकि दस शव बरामद हो चुके, पांच की तलाश अभी भी जारी
वृंदावन में केसी घाट पर शुक्रवार को हुए स्टीमर हादसे में बचाव कार्य की कुछ तस्वीरें।

वृंदावन में मौके पर मौजूद यूपी के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी।

शुक्रवार अपराह्न लगभग 2:45 बजे हुए इस हादसे के बाद यमुना के दोनों तटों पर अफरा-तफरी मच गई थी। हजारों की संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे बचाव कार्य में बाधाएं उत्पन्न होने लगीं। पुलिस लगातार भीड़ को नियंत्रित कर रही है ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित न हो।

पहले छह, फिर आठ और बाद में 10 हुई मृतकों की संख्या

हादसे के लगभग दो घंटे बाद शुरुआती जानकारी में मृतकों की संख्या 6 बताई गई थी। इसके बाद कुछ समय में 2 और शव बरामद हुए, जिससे संख्या 8 हो गई। बाद में दो और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या 10 तक पहुंच गई।

वहीं गोताखोरों ने 12 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जिन्हें प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

बचाव कार्य के संबंध में आर्मी ऒफिसर से चर्चा करते पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी। 

गोताखोर, सेना और एनडीआरएफ जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मथुरा के जिलाधिकारी और एसएसपी सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। शुरुआत में स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया, लेकिन बाद में सेना को भी बुलाया गया। गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है।

घटनास्थल पर मौजूद भीड़। 

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं

घटना की गंभीरता को देखते हुए यूपी के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, डीआईजी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लगातार बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

रात होने के कारण लापता श्रद्धालुओं की तलाश में दिक्कतें सामने आ रही हैं। प्रशासन द्वारा प्रकाश की विशेष व्यवस्था कराई गई है ताकि गोताखोर लगातार खोज अभियान जारी रख सकें।

बचाव कार्य की निगरानी करते डीएम सीपी सिंह। 

लुधियाना से आए थे श्रद्धालु

बताया गया है कि हादसे का शिकार हुए सभी तीर्थयात्री पंजाब के लुधियाना से ब्रज भ्रमण पर आए थे। वे स्टीमर में बैठकर यमुना के घाटों का दर्शन कर रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया और खुशियों का यह सफर त्रासदी में बदल गया।

प्रशासन अस्पतालों में भर्ती लोगों से जानकारी जुटाकर मृतकों की पहचान कर रहा है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor