बरेली की दरगाह आला हज़रत में वक़्फ़ हेल्प कैंप, 200 से अधिक मुतवल्लियों को प्रक्रिया समझाई गई

वक़्फ़ संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन को आसान बनाने और जानकारियों के अभाव से जूझ रहे मुतवल्लियों की मदद के लिए सोमवार को दरगाह आला हज़रत परिसर में एक विशेष वक़्फ़ हेल्प कैंप लगाया गया, जिसमें बरेली सहित कई जिलों से लगभग 200 मुतवल्लियों ने भाग लिया।

Nov 24, 2025 - 17:49
 0
बरेली की दरगाह आला हज़रत में वक़्फ़ हेल्प कैंप, 200 से अधिक मुतवल्लियों को प्रक्रिया समझाई गई
बरेली में दरगाह आला हजरत पर वक्फ संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन के लिए मुतवल्लियों को ट्रेनिंग देने के लिए लगाए गये शिविर की एक झलक।

-आरके सिंह-

बरेली। प्रदेश में वक़्फ़ संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर रजिस्टर कराने की प्रक्रिया जारी है, लेकिन मस्जिदों, मदरसों, दरगाहों, खानकाहों, कब्रिस्तानों और मकतबों से जुड़े कई मुतवल्ली अब तक जानकारी के अभाव में इसमें शामिल नहीं हो पाए हैं। इसी समस्या को दूर करने के उद्देश्य से तहरीक-ए-तहफ्फुज़ सुन्नियत (टीटीएस) की ओर से रविवार को दरगाह आला हज़रत परिसर में वक़्फ़ हेल्प कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दरगाह आला हज़रत के सज्जादानशीन बदरूशरिया मुफ्ती अहसन मियां ने की।

वक़्फ़ बोर्ड के ऑर्डिनेटर बरेली हाजी फैज़ मंसूरी और आलेनबी ने बताया कि कैंप में कई ऐसे मुतवल्ली पहुंचे जिनके पास अपने संपत्तियों के दस्तावेज़ मौजूद नहीं थे। उन्हें सलाह दी गई कि वे अपने कागज़ व्यवस्थित कर जल्द ही पुनः रजिस्ट्रेशन कराएं।

दरगाह के प्रवक्ता नासिर कुरैशी के अनुसार, बहेड़ी, आंवला, मीरगंज, नवाबगंज सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 200 मुतवल्ली कैंप में पहुंचे। वहीं कानपुर, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, आगरा, झांसी आदि जिलों से भी बड़ी संख्या में फोन कॉल आए, जिन्हें वक़्फ़ संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।

जो लोग अपने दस्तावेज़ साथ लाए थे, उनके कागज़ों की जांच कर अदनान हुसैन और इशरत नूरी द्वारा तुरंत उम्मीद पोर्टल पर उनकी संपत्ति दर्ज की गई। जिनका डेटा नहीं हो सका, उन्हें दरगाह द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही घोषणा की गई कि अगला वक़्फ़ हेल्प कैंप सोमवार, 24 नवंबर को काकर टोला स्थित छः मीनारा मस्जिद में लगाया गया।

सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने लोगों से अपील की कि उम्मीद पोर्टल के अलावा विभिन्न राज्यों में एसआईआर की प्रक्रिया भी चल रही है। बीएल कर्मचारी घर-घर जाकर फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं, अतः लोग जल्द से जल्द फॉर्म भरकर जमा करें।

कैंप में शाहिद नूरी, मुजाहिद रज़ा, परवेज़ नूरी, सय्यद माजिद, अदनान हुसैन, औरंगज़ेब नूरी, काशिफ सुब्हानी, अजमल नूरी, इशरत नूरी सहित कई समाजसेवी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor