तरबूज-खरबूजे से छाया हुनर: डीईआई में छात्रों ने दिखाया इनोवेशन का कमाल, 55 टीमों में दिखी जबरदस्त टक्कर
आगरा के दयालबाग शिक्षण संस्थान में मौसमी फलों से नवाचार की ऐसी मिसाल देखने को मिली, जहां छात्रों ने तरबूज और खरबूजे से सैकड़ों तरह के उत्पाद बनाकर न सिर्फ अपनी प्रतिभा दिखाई, बल्कि पोषण और रचनात्मकता का अनोखा संगम भी पेश किया।
आगरा। दयालबाग शिक्षण संस्थान (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के गृह विज्ञान विभाग के अंतर्गत बी.वॉक. (फूड प्रोसेसिंग एंड प्रिजर्वेशन) पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों द्वारा गुरुवार को यूनिवर्सिटी परिसर में तरबूज और खरबूजे से बने उत्पादों की अंतर संकाय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों के बीच सामूहिक गतिविधि और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना, साथ ही मौसमी फलों में वैल्यू एडिशन कर उनके पोषण गुणों को लोकप्रिय बनाना रहा।
प्रतियोगिता में लगभग 55 टीमों के अंतर्गत 90 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें विभिन्न संकायों के साथ-साथ प्रेम विद्यालय की छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की।
प्रतिभागियों ने तरबूज और खरबूजे का उपयोग कर पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों की शानदार श्रृंखला प्रस्तुत की। इनमें टूटी फ्रूटी, चॉकलेट डिप, कुल्फी, जूस, बर्फी, आइसक्रीम, मिंट जेली, हलवा, लड्डू, सब्जी, रायता, पिज्जा, कैंडी, सैंडविच, शरबत, फ्रूट चाट, मिल्क शेक, कस्टर्ड, पुडिंग, लेमोनेड, पन्ना, फालूदा, पानीपुरी, चाट बास्केट, मफिन, न्यूट्रीबार और कुकीज़ जैसे आकर्षक उत्पाद शामिल रहे।
प्रतियोगिता में प्रस्तुत उत्पादों का मूल्यांकन वरिष्ठ निर्णायक श्रीमती स्नेह बिजलानी, प्रोफेसर गुल माथुर और प्रोफेसर विभा सत्संगी द्वारा किया गया, जिन्होंने गुणवत्ता, स्वाद, प्रस्तुति और नवाचार के आधार पर अंक दिए।
इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. सीमा कश्यप (एसोसिएट प्रोफेसर एवं कोऑर्डिनेटर बी.वॉक. फूड प्रोसेसिंग) एवं विभाग के अन्य स्टाफ सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में संस्थान के डायरेक्टर प्रो. पटवर्धन, रजिस्ट्रार प्रो. संजीव स्वामी, डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता सैनी, डॉ. करुणा सिंह, सोनाली जोहरी, पूनम सिन्हा, डॉ. मोनिका, अमोला श्रीवास्तव, शालिनी सत्संगी, डॉ. रिमझिम, रंजू, अमिता और मंजू सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता सैनी ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।