हम ‘गुंडे’ हैं और इलाके के ‘टौरी’ हैं, पैसे नहीं दिया करते, दुकानदार को समोसे के पैसे मांगना पड़ा भारी, बाइक सवार दबंगों ने शमसाबाद क्षेत्र के भानुपुरा तिराहे पर गोली चलाकर दहशत फैला दी
आगरा। थाना शमसाबाद क्षेत्र में भानूपुरा तिराहे पर दबंगई की सनसनीखेज घटना सामने आई है। समोसे खाने के बाद पैसे मांगने पर बौखलाए बाइक सवार तीन युवकों ने दुकानदार पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। गनीमत रही कि दुकानदार ने काउंटर के नीचे छिपकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
समोसे खाए, पैसे देने से इनकार
पीड़ित दुकानदार के अनुसार, तीन युवक उसकी दुकान पर आए और समोसे मांगे। समोसे खाने के बाद जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन्होंने साफ कह दिया कि वे पैसे नहीं देते और खुद को गुंडा बताते हुए धमकाने लगे। दुकानदार ने गरीबी का हवाला देकर विनती की, लेकिन आरोपियों ने कहा कि वे इस इलाके के टौरी हैं और पैसे नहीं देते।
धमकी देकर लौटे, फिर की फायरिंग
दुकानदार का कहना है कि तीनों युवक जाते-जाते धमकी देकर बोले कि दस मिनट बाद लौटकर आ रहे हैं। कुछ ही देर बाद वे बाइक से वापस आए और इस बार उनके हाथ में तमंचा था। आते ही उन्होंने गोली चला दी। फायरिंग से पहले ही दुकानदार सतर्क होकर काउंटर के नीचे छिप गया, जिससे उसकी जान बच गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस को दी सूचना, जांच शुरू
पीड़ित दुकानदार सुनील ने तत्काल थाना शमसाबाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। दुकानदार का आरोप है कि सिर्फ दबंगई और खौफ कायम करने के लिए फायरिंग की गई, जबकि समोसे के पैसे गोली की कीमत से कहीं कम थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी और चश्मदीदों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।