आगरा में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, उमस से राहत; खेतों को मिली संजीवनी, ट्रैफिक प्रभावित

आगरा। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार सुबह से आखिरकार आगरा में मानसून मेहरबान हुआ। घने बादलों के बीच तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश ने न केवल शहर का तापमान गिराया, बल्कि गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। सुबह-सुबह हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया, जिससे लोगों के चेहरे खिल उठे। बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिन तक जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।

Jul 29, 2025 - 11:17
 0
आगरा में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, उमस से राहत; खेतों को मिली संजीवनी, ट्रैफिक प्रभावित
मंगलवार को सुबह हुई झमाझम बारिश का सुहाना दृश्य।

किसानों की राहत: खेतों को मिली नमी, फसलों को संजीवनी

शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी यह बारिश संजीवनी बनकर आई। पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण धान, बाजरा, मक्का और सब्जियों की फसलों के लिए बारिश की दरकार थी। इस बारिश से खेतों में नमी आई है और किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है। अब उन्हें सिंचाई की कम जरूरत पड़ेगी, जिससे डीजल और बिजली पर होने वाला खर्च भी घटेगा।

बारिश के दौरान ट्रैफिक हुआ प्रभावित

हालांकि बारिश ने राहत दी, पर एमजी रोड पर मेट्रो परियोजना के चलते सड़क पहले ही संकरी हो चुकी है, और बारिश के कारण यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बारिश का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। सुबह से शुरू हुई बारिश के चलते दुकानों के खुलने का समय प्रभावित हुआ। हालांकि बाजार खुलने के समय बारिश रुक गई थी। इसके बाद दुकानें खुलने लगी थईं। शहर के कई प्रमुख बाजारों- संजय प्लेस, राजा मंडी, कमला नगर और बल्केश्वर में हल्की रौनक ही देखने को मिली।

SP_Singh AURGURU Editor