शादी की खुशियों पर फेरा पानी, नकली जेवर देकर ज्वैलर फरार, लाखों की ठगी

प्रकाश नगर, एत्माद्दौला में एक ज्वैलर द्वारा 45 ग्राम सोने के जेवर मिलावटी बनाकर देने और 11 ग्राम सोना लेकर हार न बनाने का मामला सामने आया है। आरोपी दुकान और मकान बेचकर परिवार सहित फरार हो गया। पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

Feb 23, 2026 - 12:58
 0
शादी की खुशियों पर फेरा पानी, नकली जेवर देकर ज्वैलर फरार, लाखों की ठगी
इमेज फोटो

आगरा। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में बेटी की शादी की तैयारियों के बीच एक परिवार के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि स्थानीय ज्वैलर ने 45 ग्राम सोने के जेवर बनाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए और नकली, मिलावटी जेवर थमा कर फरार हो गया।

पीड़ित ने बताया कि बेटी की शादी के लिए उन्होंने ज्वैलर सोनू को 45 ग्राम सोने के जेवर बनाने का ऑर्डर दिया था। तय समय पर जेवर मिलने के बाद जब उनकी जांच कराई गई तो वे मिलावटी निकले। जांच में सामने आया कि जेवरों में सोने की मात्रा बेहद कम थी, जिससे परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

11 ग्राम सोना लेकर भी नहीं बनाया हार

परिवार का आरोप है कि ज्वैलर सोनू ने अलग से 11 ग्राम सोना हार बनाने के लिए लिया था, लेकिन वह हार भी तैयार नहीं किया। बार-बार संपर्क करने पर वह टालमटोल करता रहा और बाद में दुकान बंद कर फरार हो गया।

दुकान और मकान बेचकर हुआ गायब

मामले की गंभीरता तब बढ़ गई जब पता चला कि आरोपी ज्वैलर अपनी दुकान और मकान बेचकर परिवार सहित फरार हो चुका है। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसने पूर्व नियोजित तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़ित की शिकायत पर एत्माद्दौला थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में अन्य ग्राहकों में भी चिंता का माहौल है।