शादी के सपनों पर गाजः आगरा के नौबरी में चोर गहने, नक़दी संग परिवार की खुशियां भी ले उड़े

आगरा। बेटी की शादी के सपनों को सजाने में जुटे एक पिता के घर उस समय दुख का साया पसर गया जब शुक्रवार रात चोरों ने घर में घुसकर सब कुछ उड़ा दिया। ताजगंज थाना क्षेत्र के गांव नौबरी में शिवराज सिंह के घर हुई इस वारदात में न केवल उनका कीमती सामान चोरी हुआ, बल्कि वर्षों से संजोए अरमान भी रौंद डाले गये।

Jun 28, 2025 - 18:14
 0
शादी के सपनों पर गाजः आगरा के नौबरी में चोर गहने, नक़दी संग परिवार की खुशियां भी ले उड़े
ताजगंज के नौबरी गांव में चोरी के बाद दुखी परिवार की महिलाएं।  

-रोते-बिलखते परिजनों की एक ही पुकार- बेटी की शादी कैसे होगी अब?

जब बेटी रात में जागी, तो लुटे हुए घर का दृश्य मिला

घटना रात करीब दो बजे की है। शिवराज सिंह की पत्नी गिरिजा देवी और बेटी अंजलि छत पर सो रही थीं। शिवराज अपने बेटे-बेटी के साथ गांव के बाहर बने नए मकान पर थे। इस दौरान चोर घर में घुस आए और बक्से, अलमारियां खंगालकर जेवरात व नक़दी समेट ले गए।
रात दो बजे बाद अंजलि नीचे आई तो कमरे का टूटा ताला देख सन्न रह गई। जैसे ही दरवाज़ा खोला, एक चोर सामने खड़ा था। मां-बेटी ने शोर मचाया लेकिन चोर अंधेरे में भाग निकला।

12 तोले सोना, 1 किलो चांदी और नक़दी ले उड़े

गिरिजा देवी ने बताया कि नवंबर में उनकी बेटी की शादी तय है और उन्होंने सालों की जमापूंजी से 12 तोले सोने के आभूषण, एक किलो चांदी और 22 हजार रुपए नकद इकट्ठे किए थे। इनमें कुछ पुश्तैनी गहने भी थे जो अब सिर्फ़ यादों में रह गए हैं।

परिवार के हर सदस्य के माथे पर अब चिंता की लकीरें हैं। अंजलि की मां गिरिजा देवी बार-बार यही दोहरा रही हैं, जो भी जोड़-तोड़ कर रखा था, वो सब चला गया। पूरा मोहल्ला इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

पुलिस जुटी जांच में

पीड़ित परिवार की सूचना पर ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों का सुराग मिल सके। लेकिन फिलहाल कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।

SP_Singh AURGURU Editor