क्या हो गया है लोगों को, टैंकर से रिफाइंड रिसा तो लूट सी मच गई
आगरा। लोगों का ईमान कितना डांवाडोल हो चुका है, इसका एक नमूना फतेहाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को देखने को मिला। यहां एक सड़क दुर्घटना के बाद एक टैंकर से रिफाइंड तेल रिसने लगा तो लोगों में मुफ्त का माल लूटने की होड़ लग गई। छोटे बच्चों से लेकर समझदार लोग इस लूट में शामिल थे।
-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस की टक्कर से टैंकर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था
पुलिस के रोके भी ये लोग नहीं रुक रहे थे। बाद में अतिरिक्त फोर्स बुलाकर इन लोगों को रोका गया।
हुआ यह था कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर एक टैंकर को एक यात्री बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बस में सवार लगभग डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए तो टैंकर का पिछला हिस्सा डैमेज हो गया। टैंकर फूटने से उसमें भरा रिफाइंड तेल रिसने लगा। आसपास मौजूद लोगों को टैंकर में रिफाइंड तेल होने की जानकारी हुई तो हल्ला मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग खाली बर्तन लेकर टैंकर से निकल रहे रिफाइंड तेल को लूटने लगे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई रुकने को तैयार नहीं था। मुफ्त का माल लूटने से भला वे कैसे वंचित रहते। लोग नहीं माने तो मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद ही लोगों को वहां से खदेड़ा जा सका।
यह पहली घटना नहीं है जब लोडेड वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर उसमें लदे माल को लूटने के लिए लोगों में होड़ मच जाती है। पिछले दिनों अछनेरा क्षेत्र में शराब से लड़ी गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने पर लोगों में शराब की बोतलें लूटने की होड़ लग गई थी। इन घटनाओं से पता चलता है कि मुफ्त के माल के लिए लोग कितने लालायित रहते हैं और अपने ईमान को ताक पर रख देते हैं।