पति ने पीटा तो कीटनाशक पी लिया महिला ने, समय रहते उपचार मिलने से बची जान
बासौनी (आगरा)। थाना बासौनी क्षेत्र के गांव झरनापुरा में पारिवारिक कलह से आहत होकर एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद महिला की हालत बिगड़ गई, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।
परिजन महिला को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई थी और मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि महिला के साथ पति ने मारपीट कर दी थी, जिससे वह इतनी आहत हुई कि घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलने के कारण महिला अब खतरे से बाहर है। महिला का कहना है कि पति ने पहली बार उस पर हाथ उठाया, जिसके कारण उसने जान देने की कोशिश की। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।