खुले गड्ढे में गिरे साही को वाइल्डलाइफ एसओएस ने सुरक्षित निकाला
वाइल्डलाइफ एसओएस ने जलेसर रोड पर स्थित जरीपुरा गांव में रेलवे पटरियों के पास खुले गड्ढे से एक साही (पॉरक्यूपाइन) को सफलतापूर्वक निकाला।
आगरा। वाइल्डलाइफ एसओएस ने जलेसर रोड पर स्थित जरीपुरा गांव में रेलवे पटरियों के पास खुले गड्ढे से एक साही (पॉरक्यूपाइन) को सफलतापूर्वक निकाला।
यह घटना तब हुई जब साही एक गहरे गड्ढे में गिर गई जो पटरियों के निकट खंभे लगाने के लिए खोदा गया था। ग्रामीणों ने संकटग्रस्त जानवर को देखकर तुरंत सहायता के लिए वाइल्डलाइफ एसओएस हेल्पलाइन पर संपर्क किया।
वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गड्ढे के अंदर फंसे साही को निकालने का काम शुरू कर दिया। लगभग एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में जानवर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सावधानीपूर्वक प्रयास किए गए।
साही को सुरक्षित रूप से निकाले जाने के बाद, चिकित्सा अवलोकन और देखभाल के लिए वाइल्डलाइफ एसओएस ट्रांजिट फैसिलिटी में लाया गया। संपूर्ण स्वास्थ्य जांच के उपरांत, उसे उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया। एसओएस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने समय पर उन्हें सूचना देने के लिए ग्रामीणों की प्रशंसा की है।