संविधान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे: समाजवादी पार्टी ने आरक्षण दिवस पर लिया संघर्ष का संकल्प
आगरा। भारतीय संविधान, सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था की रक्षा के संकल्प के साथ समाजवादी पार्टी महानगर आगरा ने ‘संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस’ एवं ‘आरक्षण दिवस’ के अवसर पर विशाल सभा आयोजित की। फतेहाबाद रोड स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की अध्यक्षता में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की मर्यादा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए सामूहिक शपथ ली।
सभा को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि भारतीय संविधान देश की आत्मा है। यह केवल कानून की पुस्तक नहीं, बल्कि गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, किसानों, नौजवानों और महिलाओं के अधिकारों एवं सम्मान की सबसे बड़ी गारंटी है।
उन्होंने कहा कि आजादी हजारों शहीदों के संघर्ष और बलिदान से मिली है तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश को मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया। संविधान और आरक्षण को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विरोध करेगी।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि संविधान की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक देशवासी का राष्ट्रीय दायित्व है। समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और भाईचारे की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करता रहेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने भी संविधान की प्रस्तावना में शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर जागरूकता और संघर्ष जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों हाथ उठाकर भारतीय संविधान की मर्यादा, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, भाईचारे और आरक्षण व्यवस्था की रक्षा की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान जिला कार्यालय परिसर “जय संविधान”, “बाबा साहब अमर रहें”, “आरक्षण हमारा अधिकार है” और “समाजवादी पार्टी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, वरिष्ठ नेता पप्पू यादव, मजदूर सभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, छावनी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी ममता टपलू, महेश सिसौदिया, देवेन्द्र यादव, संतोष पाल, बलविंदर सिंह जाटव, पवन प्रजापति, बली सेर, प्रमोद यादव, विनोद श्रोतिया, आजाद बाल्मीकि, हर्ष बंधन, ऋषि यादव, पूनम बाल्मीकि, गजेंद्र यादव, सुशील गुप्ता, राम सेवक यादव, मुजाहिद कुरैशी, इमलाक अहमद, सलमान, मुवीन उस्मानी, समीर अब्बास, साहिल सिंह, जमाल सिद्दीकी, समीर, अतुल सविता, राजा अहमद, भरत जाटव, राजेश दिवाकर, नफीस खान सहित महानगर पदाधिकारी, विधानसभा अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष, सेक्टर एवं वार्ड प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, महिला सभा, युवजन सभा, छात्र सभा, लोहिया वाहिनी और मजदूर सभा के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।