बरेली में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने हॉस्पिटल किया सीज

बरेली जिले में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध अस्पतालों की कार्यप्रणाली एक बार फिर उजागर हुई है। ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बहेड़ी कस्बे के बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल को सीज कर दिया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

Feb 20, 2026 - 21:20
 0
बरेली में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने हॉस्पिटल किया सीज
वह अस्पताल, जिसमें महिला मरीज की मौत हुई।

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। जिले के बहेड़ी कस्बे के बाईपास स्थित यूनिसन हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज कर दिया है। जांच में सामने आया है कि ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर झोलाछाप था और अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

डिप्टी सीएमओ अमित कुमार ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल में जांच की। जांच के दौरान अस्पताल में आवश्यक मानकों की अनदेखी, पंजीकरण से जुड़ी खामियां और चिकित्सकीय नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद कस्बा चौकी प्रभारी शिव कुमार शर्मा और पुलिस टीम की मौजूदगी में शुक्रवार को अस्पताल को सीज कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजीत निवासी 33 वर्षीय गीता, पत्नी राजपाल, को बच्चेदानी में गांठ की शिकायत थी। परिजन उसे ऑपरेशन के लिए यूनिसन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने सही तरीके से इलाज नहीं किया और जब महिला की हालत गंभीर हो गई तो ऑपरेशन करने वाला डॉक्टर अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और परिसर में जमकर हंगामा किया।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने आरोपित डॉक्टर और अस्पताल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor