आगरा में खंदौली क्षेत्र के पीलीपोखर में पत्नी की गला काटकर बेरहमी से हत्या, बच्चों को लेकर फरार हुआ पति, एक महीने बाद घर लौटा था पति, रात में वारदात को दिया अंजाम, सुबह तक घर में पड़ा रहा शव

आगरा के खंदौली क्षेत्र के पीलीपोखर गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब एक महीने बाद घर लौटे पति विवेक ने पत्नी किरण के सिर पर भारी वस्तु से वार करने के बाद चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया। मंगलवार को पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Sep 8, 2026 - 20:31
 0
आगरा में खंदौली क्षेत्र के पीलीपोखर में पत्नी की गला काटकर बेरहमी से हत्या, बच्चों को लेकर फरार हुआ पति, एक महीने बाद घर लौटा था पति, रात में वारदात को दिया अंजाम, सुबह तक घर में पड़ा रहा शव
मृतका किरन का फाइल फोटो।

घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण। 

आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र के पीलीपोखर गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब एक महीने बाद घर लौटे पति ने पत्नी के साथ पहले मारपीट की। इसके बाद उसके सिर पर भारी वस्तु से वार किया और चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर रात में ही फरार हो गया। मंगलवार दोपहर तक जब घर से किरण के बाहर नहीं निकलने पर पड़ोसियों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घर के अंदर विवाहिता का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

आठ साल पहले हुई थी शादी

पीलीपोखर निवासी राजकुमार सिकरवार के बेटे विवेक की शादी करीब आठ वर्ष पहले एत्मादपुर क्षेत्र के गांव चली निवासी विजेंद्र सिंह की बेटी किरण के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बेटे हुए। बड़ा बेटा लक्ष्य करीब पांच वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा चुन्नू करीब तीन वर्ष का है। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही किरण को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था और कई बार मारपीट की नौबत भी आई। किरण के मायके वालों ने पति के परिजनों के साथ ही पुलिस से भी शिकायत की थी।

पंचायतों के बाद भी नहीं थमा विवाद

परिवार और रिश्तेदारों ने पति-पत्नी के बीच विवाद खत्म कराने के लिए कई बार पंचायत कराई। हर बार समझौते की कोशिश की गई, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। मायके पक्ष का कहना है कि किरण को लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। मृतका के भाई ललित ने आरोप लगाया कि विवेक और उसके परिवार के लोग लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर किरण के साथ मारपीट की जाती थी। कई बार पंचायत होने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं आया।

एक महीने से घर से बाहर था पति

परिजनों के मुताबिक विवेक पिछले करीब एक महीने से घर से बाहर था। सोमवार शाम को ही वह वापस पीलीपोखर स्थित अपने घर लौटा था। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद रात में उसका किरण से विवाद हुआ। इसके बाद उसने पत्नी के साथ मारपीट की और सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद विवेक ने चाकू से किरण का गला काट दिया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने घर में मौजूद दोनों बच्चों को अपने साथ लिया और रात में ही वहां से फरार हो गया।

सुबह नहीं खुला दरवाजा तो पड़ोसियों को हुआ शक

मंगलवार सुबह काफी समय बीत जाने के बाद भी किरण घर से बाहर नहीं निकली। पड़ोसियों को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। उन्होंने घर के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर विवाहिता का शव देखकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वाड की मदद से भी सुराग तलाशने का प्रयास किया गया।

दो मासूम बच्चों को लेकर फरार आरोपी

वारदात के बाद आरोपी पति के दोनों बच्चों को अपने साथ लेकर फरार होने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस अब आरोपी की तलाश के साथ-साथ दोनों बच्चों का भी पता लगाने में जुटी है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें

इंस्पेक्टर खंदौली उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब हत्या के पीछे के घटनाक्रम, दहेज उत्पीड़न से जुड़े पुराने विवाद और आरोपी के फरार होने के रास्तों की भी जांच कर रही है। मायके पक्ष के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor