श्रीकृष्ण लीला समिति के महिला उत्थान केंद्र में महिलाओं को मिले कंप्यूटर व सिलाई-कढ़ाई प्रमाण पत्र
आगरा। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत प्रयासरत श्री कृष्ण लीला समिति द्वारा संचालित महिला उत्थान समिति केंद्र में कंप्यूटर तथा सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम कमला नगर स्थित समिति कार्यालय पर आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेविका श्रुति सिन्हा एवं रितु गोयल ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
अपने संबोधन में श्रुति सिन्हा ने कहा कि आज के समय में कौशल ही सबसे बड़ी पूंजी है। जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं, तो पूरा परिवार और समाज सशक्त होता है।
समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि श्री कृष्ण लीला का मंचन वर्ष 1924 से वाटर वर्क्स के पास गोशाला प्रांगण में निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 40 दानदाताओं के सहयोग से एक भवन क्रय कर महिला उत्थान समिति का गठन किया गया, जहां वर्ष 2015 से महिलाओं को निःशुल्क सिलाई, कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मनीष अग्रवाल ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने परिवार और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक छह माह के कोर्स पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाते हैं, जो महिलाओं को रोजगार प्राप्त करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। कई महिलाएं प्रशिक्षण के पश्चात सफलतापूर्वक नौकरी प्राप्त कर चुकी हैं।
महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि महिलाओं की आवश्यकताओं और वर्तमान समय की मांग को देखते हुए समिति द्वारा भविष्य में नए व्यावसायिक कोर्स शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस पहल से लाभान्वित हो सकें।
कार्यक्रम में शिक्षिका सीमा सिंह और खुशबू द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और भी गरिमामय बनाया।
कार्यक्रम में शेखर गोयल, अशोक गोयल, अनूप गोयल, विनीत सिंघल, गिर्राज बंसल, ब्रजेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, के.के. अग्रवाल, लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, के.सी. अग्रवाल, आशु रोहतगी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।