वर्ल्ड डायबिटीज डेः आगरा में शुगर फ्री चाय के साथ कम्पनी गार्डन में होगा डायबिटीज अवेयरनेस कैंप

14 नवम्बर को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आगरा के कम्पनी गार्डन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा, जहां लोगों की मुफ्त ब्लड शुगर जांच के साथ उन्हें शुगर फ्री चाय, हेल्थ टिप्स और वॉक फॉर डायबिटीज जैसी गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा।

Nov 12, 2025 - 19:04
 0
वर्ल्ड डायबिटीज डेः आगरा में शुगर फ्री चाय के साथ कम्पनी गार्डन में होगा डायबिटीज अवेयरनेस कैंप

आगरा। आगामी 14 नवम्बर की सुबह कम्पनी गार्डन एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता केंद्र में तब्दील होगा। आगरा डायबिटिक फोरम (एडीएफ) और आरएसएसडीआई (रिसर्च सोसाइटी फॊर स्टडी ऒफ डायबिटीज इन इंडिया) द्वारा विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल डायबिटीज की जांच होगी, बल्कि लोगों को इस बीमारी से बचाव और नियंत्रण के उपाय भी बताए जाएंगे।

शिविर सुबह 7 से 8.30 बजे तक चलेगा, जिसमें शहर के वरिष्ठ चिकित्सक लोगों की ब्लड शुगर जांच, काउंसलिंग और हेल्थ गाइडेंस देंगे। खास बात यह होगी कि प्रतिभागियों को शुगर फ्री चाय और बिस्कुट परोसे जाएंगे, ताकि मधुमेह जागरूकता के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया जा सके।

आगरा डायबिटिक फोरम के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दया किशोर हाजरा ने बताया कि इस अवसर पर वॉकेथन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें डॉक्टरों के साथ आम नागरिक भी भाग लेंगे। यह आयोजन ‘वॉक अगेन्स्ट डायबिटीज’ के संदेश के साथ लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

फोरम के सचिव और आरएसएसडीआई के प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ. सुनील बंसल ने चिंता जताते हुए कहा कि भारत में मधुमेह की स्थिति गंभीर होती जा रही है। अन्य देशों में जहां यह रोग 50 वर्ष की आयु के बाद देखा जाता है, वहीं भारत में 30–35 वर्ष की उम्र के युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। दुनियाभर के कुल डायबिटीज रोगियों में 20 प्रतिशत भारत में हैं, जो अत्यंत चिंताजनक आंकड़ा है।

साइंटिफिक सचिव डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि शिविर की शुरुआत नीले और सफेद रंग के गुब्बारे उड़ाकर की जाएगी, जो विश्व मधुमेह दिवस के प्रतीक रंग हैं। वहीं डॉ. वी.एन. कौशल ने कहा कि कार्यक्रम में प्लास्टिक के नुकसान पर जागरूकता, स्वस्थ खानपान पर चर्चा, और ‘वॉक अगेन्स्ट फार डायबिटीज’ जैसी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

यह आयोजन आगरा वासियों के लिए न केवल स्वास्थ्य जांच का अवसर देगा, बल्कि उन्हें मधुमेह से बचाव की दिशा में जीवनशैली सुधारने का संदेश भी देगा।

SP_Singh AURGURU Editor