विश्व पर्यावरण दिवस पर शहर भर में हरित संकल्प की गूंज: पौधारोपण, जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के लिए आगे आए सामाजिक संगठन, पर्यावरण प्रहरियों का सम्मान
आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहर भर में विभिन्न सामाजिक, और औद्योगिक संस्थाओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, पौधारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं जल संरक्षण और पुनर्चक्रण का संदेश दिया गया तो कहीं पौधारोपण कर हरित भविष्य का संकल्प लिया गया। सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और कॉरपोरेट प्रतिष्ठानों ने पर्यावरण सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
पानी को बोतलों से फिर धरती तक पहुंचाने का संकल्प: आकांक्षा महिला समिति ने किया पर्यावरण प्रहरियों का सम्मान

विश्व पर्यावरण दिवस पर आकांक्षा समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण प्रहरी प्रदीप खंडेलवाल को सम्मानित करतीं समिति की अध्यक्ष सीमा प्रताप सिंह।
पालीवाल पार्क में आकांक्षा महिला समिति द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण जागरूकता एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, पुनर्चक्रण और प्रकृति संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था की अध्यक्ष डॉ. सीमा प्रताप सिंह ने कहा कि मानव शरीर और प्रकृति दोनों पांच तत्वों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश से निर्मित हैं। यदि इन तत्वों का संतुलन बिगड़ता है तो जीवन संकट में पड़ जाता है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर उपलब्ध मीठे जल का मात्र एक प्रतिशत हिस्सा ही मानव उपयोग के लिए उपलब्ध है, लेकिन हम उसका भी तेजी से दोहन कर रहे हैं।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आगरा में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है और कई क्षेत्रों में यह लगभग 100 फीट तक पहुंच चुका है। कभी पानी तालाबों, कुओं और पोखरों में सहज उपलब्ध होता था, लेकिन आज की पीढ़ी पानी को मुख्य रूप से बोतलों में देख रही है। उन्होंने वर्षा जल संचयन और आधुनिक जल संरक्षण तकनीकों को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
रेणुका डंग ने पुनर्चक्रण पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव प्रकृति के संरक्षण की पक्षधर रही है। रीसाइकिल, रीयूज और रिप्रोड्यूस की अवधारणा को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
संयोजक अशु मित्तल ने बताया कि संजय प्लेस स्थित संजय पार्क के सौंदर्यीकरण और संरक्षण में योगदान देने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इको क्लब के संयोजक प्रदीप खंडेलवाल, अर्पित माहेश्वरी और राजकुमार वर्मा सहित लायंस क्लब आगरा प्रयास, संजय प्लेस मार्केट एसोसिएशन, इंडिया राइजिंग, इको मित्र, हरिहर फाउंडेशन, लोक स्वर संस्था तथा अतुल ग्रुप के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शारदा गुप्ता ने- सुंदर अपना शहर बनाएं...कविता का पाठ किया। कोषाध्यक्ष डॉ. अपर्णा पोद्दार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर 11 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इको क्लब द्वारा उपलब्ध कराई गई सीड्स बॉल्स का वितरण और रोपण किया गया। साथ ही कपड़े के थैले और पक्षियों के लिए मिट्टी के दाना-पानी पात्र वितरित किए गए। उपस्थित सभी लोगों ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में साक्षी अग्रवाल, नीरू मेहरोत्रा, मीरा गुप्ता, नेहा चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
टोरेंट पावर ने पेड़ लगाकर और स्वच्छता अभियान चलाकर निभाई पर्यावरणीय जिम्मेदारी

टोरेंट पावर आफिस में वृक्षारोपण करते कंपनी के यूनिट हेड और उपाध्यक्ष संजय कुमार।
विश्व पर्यावरण दिवस पर टोरेंट पावर लिमिटेड ने "प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य की रक्षा" थीम के अंतर्गत विभिन्न पर्यावरणीय कार्यक्रम आयोजित किए। कंपनी के उपाध्यक्ष एवं यूनिट हेड संजय कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने वृक्षारोपण किया तथा स्वच्छता अभियान चलाया।
संजय कुमार ने कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने और सतत जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर वाइस प्रेसिडेंट एचआर अभिजीत काले, महाप्रबंधक राकेश कुमार, मोहम्मद अब्दुल सलाम, निशिकांत गुप्ता, आनंद सिंह, डीजीएम पवन कुमार, पियूष सिन्हा, जीकेडी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एक पेड़ मां के नाम अभियान भाविप अमृतम् ने लगाए 51 पौधे

कृष्णा पार्क में पौधे लगाते भारत विकास परिषद अमृतम शाखा के पदाधिकारी।
भारत विकास परिषद अमृतम् शाखा द्वारा कमला नगर स्थित कृष्णा पार्क में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने 51 से अधिक पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नीम, पीपल, बरगद और अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अध्यक्ष कुलभूषण अल्का गुप्ता (राम भाई) ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम संयोजक सुनील निकिता बंसल एवं पर्यावरण उपाध्यक्ष विकास सपना गोयल रहे। इस अवसर पर संरक्षक आर.एस. गुप्ता, विजय अग्रवाल, श्रीनाथ जी गुप्ता, ब्रज प्रांत अध्यक्ष उमेश बंसल, सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, रेखा राज अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, ब्रजमोहन रैपुरिया, राजेश बंसल, ब्रजेश बंसल, सुदेश अग्रवाल, गौरव बिंदल, आशीष गुप्ता, संजीव गुप्ता, नीरज अग्रवाल, पुरुषोत्तम दास मित्तल, नीरज मित्तल, सक्षम बंसल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
कदंब का पौधा लगाकर इन्द्रेश महाराज ने भी दिया पर्यावरण सरंक्षण का संदेश

बल्केश्वर पार्क में कदंब का पौधा रोपित करते कथावाचक इंद्रेश महाराज।
विश्व पर्यावरण दिवस पर बल्केश्वर पार्क में भागवत कथा का रसपान करा रहे कथा व्यास इंद्रेश जी महाराज जी ने भी एक पेड़ ,मां के नाम अभियान के तहत प्रयास फाउण्डेशन के तत्वावधान में बल्केश्वर पार्क में कदंब का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर बल्केश्वर मंदिर के महंत अर्चित पांड्या, पार्षद मुरारी लाल, कृष्ण कुमार अग्रवाल 'गुड्डू', रिंकू गर्ग, नंदकिशोर गोयल, रवि गुप्ता, डॉ राधेश्याम, प्रदीप माहेश्वरी, आशीष अग्रवाल, आशीष गुप्ता, अर्पण गुप्ता, मनुराज मित्तल, नागेन्द्र प्रसाद, मनीष बंसल, विशाखा,स्वाती, इशिका,निमिषा आदि उपस्थित रहे।
अमरपुरा में पर्यावरण गोष्ठी, पालीथिन त्यागने और अधिक पौधे लगाने का लिया संकल्प
पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूक समिति द्वारा अमरपुरा स्थित देवी मंदिर पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। नत्थी लाल सरपंच की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और पालीथिन मुक्त जीवनशैली पर जोर दिया।
गोष्ठी में लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर ऋषि कुमार जादौन, अर्जुन सिंह लोधी, मिश्री लाल राजपूत, महेश कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार, देवेश कुमार राजपूत, हाजी मोहम्मद निसार, भूरी सिंह, महेंद्र पाल सिंह, संजय भरतिया, राज शर्मा, राजेंद्र कुलश्रेष्ठ, मनोज कुमार, संजय वर्मा, जगदीश लवानिया, विजय कुमार, लाखन कुमार, इंद्र पाल सिंह बघेल और भगवान सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।