ताज महोत्सव के दौरान दस दिन होगी यमुना महाआरती, नगर निगम काशी-हरिद्वार की तर्ज पर करेगा आयोजन, मेयर ने लिया तैयारियों का जायजा

आगरा। ताज महोत्सव के दौरान आगरा की जीवनरेखा यमुना नदी एक बार फिर आध्यात्मिक आभा से जगमगाएगी। नगर निगम की ओर से बेलनगंज स्थित यमुना आरती स्थल पर काशी और हरिद्वार की तर्ज पर दस दिवसीय यमुना महाआरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को इसकी तैयारियों का जायजा लेने को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल सहित नगर निगम के अधिकारियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया।

Feb 17, 2026 - 21:32
 0
ताज महोत्सव के दौरान दस दिन होगी यमुना महाआरती, नगर निगम काशी-हरिद्वार की तर्ज पर करेगा आयोजन, मेयर ने लिया तैयारियों का जायजा
बेलनगंज में यमुना आरती स्थल के पास यमुना की तलहटी में यमुना महाआरती के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेतीं महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह।

महापौर ने बताया कि ताज महोत्सव के दौरान एत्मादुद्दौला व्यू पॉइंट पर प्रतिदिन सायंकाल यमुना महाआरती आयोजित की जाएगी। बीते कुछ वर्षों से नगर निगम द्वारा इस परंपरा की शुरुआत की गई थी, जो अब आगरा की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा, जिसके लिए निगम के सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यमुना महाआरती का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यमुना नदी के खोए हुए गौरव को पुनर्स्थापित करना और आमजन को नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। खासतौर पर नई पीढ़ी को प्रकृति और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है, ताकि लोग यह समझ सकें कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी जीवनदायिनी मां है।

महापौर ने यह भी बताया कि यमुना महाआरती विदेशी पर्यटकों के लिए ब्रज संस्कृति को नजदीक से देखने का सशक्त माध्यम बनती है। बदलती वैश्विक संस्कृति के बीच भारत अपने प्राचीन मूल्यों को कैसे संजोए हुए है, इसका जीवंत उदाहरण यमुना महाआरती के रूप में सामने आता है। इस वर्ष आयोजन को और प्रभावशाली बनाने के लिए काशी से विशेष पंडित, पुरोहित और विद्वान आमंत्रित किए गए हैं, जो हूबहू गंगा आरती की तर्ज पर यमुना मैया की आरती संपन्न कराएंगे।

दस दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में महाआरती के साथ-साथ भजन संध्या एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor