आगरा में यमुना खतरे के निशान से दो फुट ऊपर, ताजगंज मोक्षधाम डूबा, गांव खाली कराए जा रहे

आगरा। लगातार हो रही बारिश और हथिनी कुंड से छोड़े गए पानी के चलते यमुना का जलस्तर आगरा में खतरे के निशान से दो फुट ऊपर पहुंच गया है। सिंचाई विभाग ने चेतावनी दी है कि 5 सितंबर तक जलस्तर 500 फीट तक पहुंच सकता है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने यमुना किनारे बसे गांवों को खाली कराने और घाटों पर बैरीकेडिंग के आदेश दिए हैं। शहर कई श्मशान घाट जलमग्न हो चुके हैं, वहीं ताजमहल की बाउंड्री तक पानी पहुंच गया है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने हालात का जायजा लेकर 12 राहत केंद्र बनाने और घाटों पर PAC तैनात करने की मांग की है।

Sep 3, 2025 - 20:30
 0
आगरा में यमुना खतरे के निशान से दो फुट ऊपर, ताजगंज मोक्षधाम डूबा, गांव खाली कराए जा रहे
आगरा में यमुना का रौद्र रूपः जलस्तर खतरे के निशान को पार करने के बाद बल्केश्वर घाट, ताजमहल और अन्य क्षेत्रों की तस्वीरें।

-आगरा प्रशासन हाई अलर्ट पर, विधायक खंडेलवाल ने तटवर्ती क्षेत्रों का दौरा कर जायजा लिया

आगरा में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया

सोमवार को हथिनी कुंड से 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद आगरा में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इतनी भारी मात्रा में पानी पहुंचने के बाद यमुना में बाढ़ आने की संभावना है। यमुना किनारे के गांवों को खाली कराया जा रहा है। मेहरा नहारगंज गांव से प्रशासन ने 20 परिवारों को दूसरे स्थानों पर पहुंचा दिया है।

पांच सितंबर तक बढ़ता रहेगा जलस्तर

आगरा में यमुना का खतरे का अलर्ट निशान 495 फीट पर है। जबकि इस समय यमुना इस निशान से दो फुट ऊपर 497 फीट पर बह रही है। 5 सितंबर तक जल स्तर 500 फीट पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सिंचाई विभाग के अनुसार हथिनीकुंड से जो पानी छोड़ा गया है, वह गुरुवार रात या शुक्रवार सुबह तक यह आगरा पहुंच जाएगा। इसी के साथ जलस्तर खतरे के निशान 499 फीट को पार कर जाएगा। गोकुल बैराज से आगरा की ओर बीते 24 घंटे में करीब एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे जलस्तर 497 फीट पहुंच गया है।

हर घंटे बढ़ रहा है पानी का स्तर

सिंचाई विभाग के मुताबिक हर दो घंटे में यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। पोइया घाट का श्मशान घाट जलमग्न हो चुका है। ताजगंज श्मशान घाट के 12 चितास्थल डूब गए हैं। कैलाश, बल्केश्वर, हाथी और दशहरा घाट पर भी पानी भर गया है। ताजमहल की बाउंड्री तक पानी पहुंच गया है। यमुना में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी घाटों पर बैरीकेडिंग करा दी है।

विधायक खंडेलवाल ने लिया जायजा

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बल्केश्वर क्षेत्र में यमुना के बढ़ रहे जलस्तर का निरीक्षण किया। विधायक खंडेलवाल ने भाजपा संगठन व क्षेत्रीय पार्षदों के साथ वार्ता कर 12 स्थानों पर बाढ राहत केंद्र बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी से वार्ता कर घाटों पर PAC तैनात करने व बारिश  को ध्यान में रखते हुए बच्चों के स्कूल के अवकाश घोषित करने पर विचार करने तथा घाट पर स्टीमर लगाने को कहा।

जिलाधिकारी ने विधायक खंडेलवाल को आश्वस्त किया कि जल्द ही इन सभी बातों को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष शिव शैलेन्द्र, पार्षद हरिओम बाबा, दीपक ढल, गिर्राज बंसल, प्रहलाद सिंह गुड्डी, मनोज गुप्ता, बबली सिंघल, कपिल गोयल, राहुल कुशवाह आदि साथ रहे।

SP_Singh AURGURU Editor