योग ने विश्व को एक सूत्र में बांधा- पीएम मोदी
विशाखापट्टनम में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रीय समारोह का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। पीएम मोदी ने योग के वैश्विक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग ने दुनिया को एक सूत्र में बांध दिया है।
विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में शुक्रवार को 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समारोह का नेतृत्व किया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने योग दिवस समारोह को संबोधित करते हुए देश और दुनिया के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज 11वीं बार पूरा विश्व एक साथ 21 जून को योग कर रहा है। योग का सीधा-सादा अर्थ होता है - जुड़ना, और यह देखकर सुखद अनुभव होता है कि योग ने पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांध दिया है।
प्रधानमंत्री ने योग के बढ़ते वैश्विक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग करते हैं, दिव्यांगजन योगशास्त्र पढ़ रहे हैं और गांव-गांव में युवा साथी योग ओलंपियाड में भाग ले रहे हैं। यह योग की व्यापक स्वीकार्यता का प्रमाण है। पीएम मोदी ने याद किया कि कैसे भारत के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी थी। उन्होंने बताया कि महज कुछ ही महीनों में 175 देशों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक प्रस्ताव का समर्थन नहीं था, यह मानवता के भले के लिए एक वैश्विक प्रयास था।
उन्होंने कहा कि योग आज जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है और यह शांति, स्वास्थ्य और एकता की दिशा में दुनिया को मार्गदर्शन दे रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि चाहे सिडनी ओपेरा हाउस की सीढ़ियां हों, एवरेस्ट की चोटियां हों या समुद्र की लहरें हर जगह से यही संदेश आता है कि 'योग सभी का है और सभी के लिए है'।
प्रधानमंत्री मोदी ने मोटापे को वैश्विक चुनौती बताते हुए फिर से '10% तेल कम करने' का आह्वान दोहराया। उन्होंने कहा कि मैंने 'मन की बात' में इस पर विस्तार से चर्चा की थी और लोगों से अपने भोजन में 10 प्रतिशत तेल कम करने का आग्रह किया था। आज मैं इस चैलेंज से दुनियाभर के लोगों को दोबारा जुड़ने का आह्वान करता हूं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू-कश्मीर में सेना के जवानों के साथ मौजूद रहे। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोलकाता के भारतीय संग्रहालय में योग किया। 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने योग किया. इस मौके पर उनके साथ कई लोग मौजूद रहे।
बीजेपी नेता और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कहा, "मैं योग करके दूसरों को प्रेरणा देने की कोशिश कर रही हूं। योग हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण है। मैं हमेशा योग करती हूं।" 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "एक नया इतिहास विश्व पटल पर योग के रूप में रचा गया है। देश के हर कोने में योग अभ्यास से करोड़ लोग जुड़े हैं और विश्व स्तर पर पूरा विश्व वसुधैव कुटुम्बकम् की विचारधारा के साथ योग प्रथा के द्वारा आज जुड़ चुका है। पीएम मोदी की सोच और विचारधारा है कि योग केवल व्यक्ति के लिए नहीं है बल्कि समूचे देश और समूचे पृथ्वी के लिए है। आज के दिवस पर विश्वभर के 170 देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं।"