आगरा के अरनोटा पुल पर गले में फंदा डालकर लटक गया युवक, पुलिस और ग्रामीणों ने बचा ली जिंदगी, गृहक्लेश से तंग आकर उठाना खौफनाक कदम

आगरा। गृहक्लेश से परेशान एक युवक ने अरनोटा पुल से फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, लेकिन किस्मत ने उसका साथ दिया। युवक पुल से काफी नीचे फंदे पर झूलता रहा। काफी देर तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर उसे ऊपर खींचा। हैरानी की बात यह रही कि इतने खौफनाक हालात में फंदे पर लटकने के बाद भी युवक की सांसें चल रही थीं। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

Jul 23, 2026 - 15:01
 0
आगरा के अरनोटा पुल पर गले में फंदा डालकर लटक गया युवक, पुलिस और ग्रामीणों ने बचा ली जिंदगी, गृहक्लेश से तंग आकर उठाना खौफनाक कदम
बसई अरेला क्षेत्र में अरनोटा पुल पर रस्सी पर झूलते युवक को ऊपर खींचते पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीण।

घटना गुरुवार को आगरा जिले के थाना बसई अरेला क्षेत्र के अरनोटा पुल की है। जानकारी के अनुसार, लालपुरा पिनाहट निवासी धीरज (करीब 25 वर्ष) पत्नी और ससुराल पक्ष से चल रहे विवाद के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव में उसने अरनोटा पुल पर रस्सी बांधी और फंदा गले में डालकर लटक गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पुल से नीचे लटककर फंदा लगाया तो मौजूद लोगों ने शोर मचाया। कुछ लोग उसे बचाने दौड़े तो कुछ ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना बसई अरेला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। पुल से नीचे लटके युवक को बचाना आसान नहीं था क्योंकि नीचे यमुना नदी थी। ऊपर खींचना भी आसान नहीं था। कुछ न सूझते देख पुलिस और ग्रामीणों ने उसी रस्सी को ऊपर खींचना शुरू किया, जिस पर वह झूल रहा था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इतनी देर फंदे पर झूलने के बावजूद धीरज की सांसें चल रही थीं। माना जा रहा है कि फंदा लगने के बाद उसकी गर्दन की हड्डी को गंभीर चोट नहीं पहुंची, जिसके चलते उसकी जान बच गई। हालांकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे तत्काल उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के अस्पताल में रैफर कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि धीरज का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक कलह के चलते वह काफी परेशान था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही युवक के स्वास्थ्य में सुधार के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।

SP_Singh AURGURU Editor