पहली छाप ही आपकी पहचान: ‘शी विल इंस्पायर’ के मंच से निखरा आत्मविश्वास और नेतृत्व का प्रकाश
आगरा। आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाने की दिशा में शी विल इंस्पायर संस्था द्वारा होटल हॉलिडे इन में आयोजित फर्स्ट इम्प्रेशन: आपकी पहचान, आपकी शक्ति कार्यशाला शुक्रवार को प्रेरक माहौल में संपन्न हुई। कार्यशाला में महिला उद्यमियों और प्रोफेशनल्स ने प्रथम प्रभाव, व्यक्तित्व निखार और आत्मविश्वास के व्यावहारिक मंत्र सीखे।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता कृतिका खन्ना रहीं। उनके सशक्त, सरल और व्यवहारिक सत्र ने उपस्थित महिलाओं को गहराई से प्रभावित किया। कार्यशाला की शुरुआत संस्था की संस्थापक राशि गर्ग ने की। उन्होंने संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शी विल इंस्पायर महिलाओं को उनकी वास्तविक शक्ति से परिचित कर आत्मविश्वास, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
मुख्य वक्ता का परिचय रोली रस्तोगी ने दिया, जबकि विषय प्रवर्तन पूजा लूथरा ने किया।
आंतरिक छवि से बनती है प्रभावी पहचान
अपने सत्र की शुरुआत करते हुए कृतिका खन्ना ने आंतरिक छवि और शारीरिक छवि की समझ पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सशक्त व्यक्तित्व की नींव आत्मस्वीकृति और सकारात्मक सोच पर टिकी होती है, जब व्यक्ति स्वयं को स्वीकार करता है, तभी उसकी उपस्थिति प्रभावशाली बनती है।
प्रथम प्रभाव के पीछे का विज्ञान- विषय पर उन्होंने बताया कि कुछ ही क्षणों में सामने वाला व्यक्ति हमारे बारे में धारणा बना लेता है। वाणी, नेत्र संपर्क, मुस्कान, बॉडी लैंग्वेज और ऊर्जा स्तर इस प्रभाव को मजबूत या कमजोर करते हैं।
प्रथम प्रभाव के तत्व पर चर्चा करते हुए उन्होंने संतुलित पहनावा, सुसज्जित व्यक्तित्व, स्पष्ट संवाद शैली, सकारात्मक दृष्टिकोण और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।
सहभागितापूर्ण गतिविधियां और अभ्यास
कार्यक्रम के दौरान सहभागितापूर्ण गतिविधियों और अभ्यास सत्रों ने प्रतिभागियों को स्व-मूल्यांकन करने और सीखी गई बातों को व्यवहार में उतारने का अवसर दिया।
व्यक्तिगत पहचान निर्माण- पर कृतिका खन्ना ने कहा कि हर व्यक्ति स्वयं में एक विशिष्ट ब्रांड है—अपनी विशेषताओं को पहचानकर निरंतरता और स्पष्ट उद्देश्य के साथ प्रस्तुत करना ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।
प्रश्नोत्तर और कार्ययोजना
अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया और व्यक्तित्व विकास के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की व्यवस्था डॉ भास्कर ज्योति और डिंपल ने संभाली। धन्यवाद ज्ञापन कीर्ति खंडेलवाल ने दिया। कार्यशाला में कोमिला धर, अंशिका सरकार, कनिका अग्रवाल, नेहा विज, हरमीत, अंकिता, नियति, सोनिका, तन्वी, दीपिका गर्ग, आस्था, रुचि, डॉ सुनैना, श्रुति सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
Top of Form