नशे के खिलाफ गरजे युवा, आगरा कॉलेज में गूंजा संकल्प; भाषण प्रतियोगिता में मुद्रिका और उत्कर्ष संयुक्त विजेता
आगरा। विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर जोर देते हुए भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बुधवार को आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में प्रभावशाली भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेते हुए नशे के दुष्प्रभाव, युवाओं की जिम्मेदारी तथा समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर ओजस्वी विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगरा कॉलेज के मुख्य नियंता (चीफ प्रॉक्टर) प्रो. वी.के. सिंह एवं डॉ. कल्पना चतुर्वेदी रहे। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक, अनुशासित और संस्कारित युवा हैं, जो अपने सकारात्मक आचरण से विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. ललिता सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह एवं डॉ. अरविंद गुप्ता ने निष्पक्षता एवं सूक्ष्मता के साथ किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, प्रस्तुतीकरण, आत्मविश्वास, भाषा-शैली तथा अभिव्यक्ति के आधार पर किया।
प्रतियोगिता में उत्कर्ष, काजल भारद्वाज, जय किशन रावत, मुद्रिका गुप्ता सहित अनेक विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने वक्तव्यों में नशे के दुष्प्रभावों, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले इसके गंभीर परिणामों तथा युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से रखा। उनके विचारों ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित करते हुए निर्णायकों ने मुद्रिका गुप्ता एवं उत्कर्ष को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्रदान किया। आकांक्षा यादव ने द्वितीय तथा निखिल यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. रवि शंकर सिंह ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
भाषण प्रतियोगिता के दौरान डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा, डॉ. रवि शंकर सिंह, डॉ. अविनाश जैन एवं डॉ. धर्मवीर यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।