एडी बेसिक लिखी गाड़ी से पहुंचे युवकों ने आगरा के रेस्टोरेंट में किया हंगामा, पेमेंट मांगने पर की मारपीट, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आगरा के सदर क्षेत्र स्थित मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट में एडी बेसिक, आगरा मंडल, आगरा, उत्तर प्रदेश सरकार लिखी गाड़ी से पहुंचे तीन युवकों पर हंगामा, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। रेस्टोरेंट संचालक हिमांशु सचदेवा की तहरीर पर थाना सदर बाजार पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jul 30, 2026 - 12:36
 0
एडी बेसिक लिखी गाड़ी से पहुंचे युवकों ने आगरा के रेस्टोरेंट में किया हंगामा, पेमेंट मांगने पर की मारपीट, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वह गाड़ी जिसके आगे के शीशे पर एडी बेसिक लिखा हुआ है।

आगरा। आगरा के सदर क्षेत्र स्थित मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट में एडी बेसिक, आगरा मंडल, आगरा उत्तर प्रदेश सरकार लिखी गाड़ी से पहुंचे तीन युवकों पर भोजन का भुगतान मांगने पर हंगामा, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है।Bottom of Form

मामले में रेस्टोरेंट संचालक हिमांशु सचदेवा की तहरीर पर थाना सदर बाजार पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित की तहरीर के अनुसार, रनजीत सिंह, ताराचंद और विशाल एडी बेसिक, उत्तर प्रदेश सरकार लिखी गाड़ी से रेस्टोरेंट पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने सरकारी हूटर का इस्तेमाल किया जो आम तौर पर पुलिस द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। स्वयं को अधिकारी बताते हुए रेस्टोरेंट में रौब जमाया।

रेस्टोरेंट संचालक का आरोप है कि भोजन का बिल मांगे जाने पर तीनों आरोपी भड़क गए और कर्मचारियों के साथ मारपीट तथा अभद्रता की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चलवाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

घटना के बाद रेस्टोरेंट संचालक हिमांशु सचदेवा ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रनजीत सिंह, ताराचंद और विशाल के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

समाचार में लगाए गए आरोप प्राथमिकी (एफआईआर) और शिकायतकर्ता की तहरीर पर आधारित हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद तथ्यों की अंतिम पुष्टि होगी।

SP_Singh AURGURU Editor