बरेली में 11 वर्ष की बालिका ने दिया बच्चे को जन्म, आरोपी 31 साल का राशिद गिरफ्तार
-आरके सिंह- बरेली। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 11 वर्ष की एक बालिका ने सात महीने के एक बच्चे को जन्म दिया है। यह बालिका पहले बलात्कार की शिकार हुई और बाद में आरोपी उसे ब्लैकमेल कर निरंतर रेप करता रहा। नतीजा यह निकला कि वह गर्भवती हो गयी। बीती रात सात महीने की गर्भवती इस बालिका को प्रीमैच्योर डिलीवरी हुई। जन्म के आधे घंटे बाद ही नवजात की मृत्यु हो गई। बालिका से बलात्कार कर उसे गर्भवती बनाने वाला 31 वर्षीय राशिद दो बच्चों का पिता है। नवाबगंज थाना पुलिस ने इस दरिंदे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
-राशिद ने फल देने के बहाने घर बुलाकर किया था रेप और फिर वीडियो से ब्लैकमेल कर बार-बार दरिंदगी करता रहा
-सात माह की प्रीमैच्योर डिलीवरी के कारण नवजात की आधा घंटे बाद ही मौत, नवजात का डीएनएन सैंपल लिया गया
नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बालिका के बड़े भाई ने आरोपी राशिद के विरुद्ध गुरुवार देर रात को बीएनएस की धारा 65 (2)351(3) लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 5 एम और धारा 6 (दुष्कर्म, पॊक्सो एक्ट, धमकाने) के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने नवजात का डीएनए सैंपल लिया है ताकि आरोपी से उसका मिलान कराया जा सके।
राशिद ने 11 वर्षीय बालिका ( जन्मतिथि 3 अगस्त 2014) से बार-बार दरिंदगी की। उसे इतना डरा दिया कि हैवानियत की बात किसी से कह तक नहीं सकी। पेट में लगातार दर्द होने पर परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल में डॊक्टर के पास ले गये। डॊक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराया तब पता चला कि वह छह माह की गर्भवती है। इसकी जानकारी होने पर बालिका के परिजनों के होश उड़ गये।
परिजनों के पूछताछ करने पर बालिका ने अपने साथ हुई दरिंदगी के बारे में बताया। बालिका ने बताया कि सात महीने पहले राशिद ने फल देने का बहाने से अपने घर बुलाया और बलात्कार किया। राशिद ने बालिका को धमकाया था कि किसी से शिकायत करने पर परिवार की हत्या कर देगा। उसने वीडियो भी बना लिया, जिसे स्वजन को दिखाने की धमकी देकर वह बार-बार बालिका के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा ।
बालिका के गर्भवती होने की जानकारी पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में ही भर्ती करा दिया था। गुरुवार रात को इस बालिका ने प्रीमैच्योर डिलीवरी में शिशु को जन्म दिया। जन्म के आधे घंटे बाद नवजात की मृत्यु हो गई। जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ त्रिभुवन प्रसाद ने बताया कि रक्तस्राव और कम उम्र में प्रसव के कारण बालिका की हालत गंभीर बनी हुई थी, लेकिन अब उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॊ. अनुजा सिंह ने बताया कि वैसे मिनार्की (लड़की का पहला मासिक धर्म) की उम्र 10 से 16 साल होती है, लेकिन वर्तमान में यह घटकर नौ साल के आस-पास आ गई है। यानी नौ साल की बच्ची को भी मासिक धर्म शुरू हो सकता है, जो असामान्य नहीं है। यदि मिनार्की की औसत आयु की बात करें तो वह 11.4 से 12.4 है। यानी 11 साल की किशोरी भी गर्भवती हो सकती है।
नवाबगंज के क्षेत्राधिकारी निलेश मिश्रा ने बताया कि मामला सामने आने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।