एक साथ 1100 छात्राओं ने दी नृत्य की प्रस्तुति

आगरा। नृत्य और संगीत मानव के जीवन को सरस और आनंदमय बनाते हैं। ऐसे ही भावों की अभिव्यक्ति हेतु आज विद्या भारती से संबंद्ब गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, बल्केश्वर में 'अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस' मनाया गया।

Apr 29, 2025 - 16:47
 0
एक साथ 1100 छात्राओं ने दी नृत्य की प्रस्तुति

मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्जवलन और पुष्पार्चन कर सरस्वती वंदना की गई । तत्पश्चात उत्तर भारत की शास्त्रीय संगीत की कत्थक शैली और दक्षिण भारतीय, भारतनाट्यम शैली इन दोनों का मिश्रित फ्यूजन विद्यालय की 1100 से अधिक छात्राओं द्वारा विद्यालय के प्रांगण में प्रस्तुत किया गया। कक्षा सप्तम से द्वादश तक की छात्राओं ने इस नृत्य को भाव, राग और ताल तीनों के समावेश के साथ अत्यंत ही मनमोहक मुद्रा में प्रस्तुत किया। 

नृत्यकला सांस्कृतिक और जातीय बाधाओं को पार कर सभी को एक साथ लाने का एक सशक्त माध्यम है। प्राचीन काल से ही शास्त्रीय संगीत और नृत्य भारतीय जीवन शैली का प्रमुख अंग रहे हैं। कथक और भरतनाट्यम के इस अद्भुत संगम को देखने के लिए विद्यालय परिवार की प्रबंध समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। नृत्य का निर्देशन आचार्या पूनम शर्मा एंव श्वेता गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग द्वारा की गई तथा मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान रहीं। कथकनाट्यम' के इस कार्यक्रम के समापन पर प्रबंधिका श्रुति सिंघल ने सभी का आभार व्यक्त किया।