बरेली में मावे की पिन्नी खाकर एक ही परिवार की 12 महिलाएं-बच्चे अस्पताल में भर्ती
बरेली। पूजा के प्रसाद की पिन्नी ने बरेली के एक परिवार को मुसीबत में डाल दिया। सुभाष नगर थाना क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी में सोमवार को मावे से बनी पिन्नी खाने से एक ही परिवार की 9 महिलाएं और 3 बच्चे गंभीर रूप से बीमार हो गए। सभी को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर एफएसडीए की टीम ने गुर्जर डेयरी पर छापा मारते हुए सैंपल लिए और खोया-पनीर को नष्ट कराया।
सेवन करते ही उल्टियों और दस्त से मचा हड़कंप
पीड़ित शोभित सक्सेना ने बताया कि उनकी मां विनीता सक्सेना ने सोमवार सुबह पूजा के लिए सवा किलो मावा खरीदा था। चौहान मार्केट स्थित गुर्जर डेयरी से मावा लाकर सुबह 10 बजे पिन्नी बनाई गई और परिवार की नौ महिलाओं और तीन बच्चों ने इसे खाया। दोपहर 1 बजे से सभी की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद शाम तक हालात इतने खराब हो गए कि 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि, बच्चों को रखा निगरानी में
ईएमओ डॉ. शैलेश रंजन के मुताबिक, सभी में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण मिले हैं। बच्चों को विशेष निगरानी में रखा गया है। इलाज के बाद अब सभी की हालत स्थिर है। परिजनों ने जब गुर्जर डेयरी संचालक से सवाल किए तो उसने मावा अधिक खा लेने की बात कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की।
एफएसडीए की कार्रवाई, खोया-पनीर नष्ट, सैंपल भेजे लखनऊ
परिवार की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुर्जर डेयरी पर छापा मारा। मावा और पनीर के नमूने जांच के लिए लखनऊ की लैब भेजे गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यदि मिलावट या अमानक स्तर की पुष्टि हुई तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि डेयरी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।