14 पाक आतंकी घुसे, 400 किलो आरडीएक्स, मुंबई में 26/11 से भी बड़े हमले की धमकी
मुंबई पुलिस को भेजे गए मैसेज में कहा गया है कि 400 किलो आरडीएक्स से ब्लास्ट होगा, जिसमें एक करोड़ लोगों की जान जाएगी। यह भी दावा किया गया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकी घुसे हैं।
मुंबई। मुंबई को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार सुसाइड बॉम्बिंग यानी ह्यूमन बम ब्लास्ट की धमकी भेजी गई है। यह धमकी भरा मैसेज मुंबई पुलिस की ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा गया है। अनंत चतुर्दशी के मौके पर धमकी मिलने से पुलिस सतर्क हो गई है।
मैसेज में दावा किया गया है कि 34 गाड़ियों में ह्यूमन बॉम्ब लगाए गए हैं और विस्फोट के बाद पूरा मुंबई शहर हिल जाएगा। धमकी में 'लश्कर-ए-जिहादी' नाम के संगठन का उल्लेख है। साथ ही, इसमें यह भी दावा किया गया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस चुके हैं।
ट्रैफिक पुलिस को मिले मैसेज में लिखा गया है कि 400 किलो आरडीएक्स के विस्फोट से 1 करोड़ लोगों की जान जाएगी। मुंबई पुलिस इस धमकी के बाद से हाई अलर्ट पर है। यह पहली बार नहीं है जब मुंबई को मास लेवल पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई हो। इससे पहले भी कई बार पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल के जरिए या फिर पुलिस के नंबर पर मैसेज के जरिए ऐसी धमकियां दी जा चुकी हैं। हालांकि, इस बार धमकी बेहद गंभीर है और इसमें लाखों लोगों को टारगेट बनाने की बात कही गई है।
आज से करीब दो हफ्ते पहले, वारली के फोर सीजन होटल में ब्लास्ट की वॉर्निंग दी गई थी। इससे पहले 14 अगस्त को पुलिस को फोन कर के कहा गया था कि एक ट्रेन में धमाका होने वाला है। यह कहते ही कॉलर ने फोन काट दिया था। न समय और न ही लोकेशन की जानकारी दी गई थी। हालांकि, पुलिस ने गंभीरता से जांच की थी और उन्हें कुछ संदिग्ध नहीं मिला था।
मुंबई को दहला देने की एक और धमकी 26 जुलाई को आई थी, जिससे हड़कंप मच गया था। कहा गया था कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस को बम से उड़ा दिया जाएगा।धमकी देने वाले ने स्पष्ट रूप से कहा था कि स्टेशन पर बम रखा जाएगा, जिससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। पुलिस ने इस दौरान भी जांच में कुछ संदिग्ध नहीं पाया था।