20 मिनट की झमाझम बारिश से आगरा में पानी ही पानी: हाईवे और एमजी रोड पर ट्रैफिक फंसा
आगरा। आज दोपहर ढाई बजे के बाद शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। यह लगातार तीसरा दिन था जब दोपहर बाद तेज बारिश हुई। आज की बारिश में तेज हवाएं भी चल रही थीं, जिससे थोड़ी ही देर में मौसम तो सुहावना हो गया लेकिन शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया।
हाईवे पर जलभराव, यातायात जाम
आगरा-दिल्ली राजमार्ग (हाईवे-19) पर जलभराव से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। दक्षिणांचल कार्यालय, गुरुद्वारे और पत्थर घोड़ा के सामने भारी जलभराव देखने को मिला। वहीं सिकंदरा से आगे सब्जी मंडी फ्लाईओवर से पहले भी भारी जलभराव के कारण हाईवे पर गाड़ियां रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रही थीं। यात्रियों और राहगीरों को कई घंटे तक परेशान होना पड़ा।
मेट्रो कार्य से बढ़ी एमजी रोड की मुसीबत
आगरा की लाइफ लाइन एमजी रोड पर इन दिनों मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग लगी हुई है। आज की बारिश में जलभराव वाले स्थानों पर पानी भरते ही इस मार्ग पर भी यातायात रुक गया। एमजी रोड पर भी जगह-जगह गाड़ियां रेंगते हुए आगे बढ़ रही थीं। चौराहों पर भारी जाम की स्थिति बन गई।
20 मिनट की बारिश ने किया शहर को लाचार
लगभग 20 मिनट की बारिश ने ही पूरे आगरा को थाम दिया। छोटे-बड़े नाले उफान मारने लगे। बाजारों में लोग जहां थे वहीं रुक गए। बारिश थमते ही जब ट्रैफिक खुला तो हालात और बिगड़ गए। चौराहों पर वाहनों का जाम लग गया जिसमें लोगों की गाड़ियां फंसी हुई थीं।
किसानों पर बारिश का असर
लगातार तीसरे दिन हुई इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। धान की फसल के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद साबित होगी। हालांकि तेज हवाओं के कारण बाजरे की फसल गिरने से नुकसान की संभावना भी जताई जा रही है।
सवालों के घेरे में नगर निगम के दावे
हर साल की तरह इस बार भी बारिश ने आगरा के ड्रेनेज सिस्टम और नगर निगम के दावों की पोल पहली बारिश के बाद से ही खुलती आ रही है। जरा सी तेज बारिश होते ही शहर का कोई भी इलाका जलभराव से अछूता नहीं रहता।