नींब करौरी बाबा जन्मोत्सव पर आगरा में 24 घंटे अखंड हनुमान चालीसा पाठ शुरू, कल होगा समापन

आगरा। नींब करौरी बाबा के 125वें जन्मोत्सव पर गुरुवार को आगरा का नामनेर क्षेत्र भक्ति और आध्यात्मिकता से भर गया, जहां प्राचीन आदिशक्ति मां दुर्गा देवी मंदिर परिसर में दो दिवसीय संगीतमय अखंड हनुमान चालीसा पाठ की शुरुआत हुई। शहर भर से आए श्रद्धालुओं, स्कूलों के बच्चों और किन्नर समाज की सहभागिता ने इस आध्यात्मिक अनुष्ठान को और भी दिव्य बना दिया।

Nov 27, 2025 - 18:27
 0
नींब करौरी बाबा जन्मोत्सव पर आगरा में 24 घंटे अखंड हनुमान चालीसा पाठ शुरू, कल होगा समापन
नामनेर स्थित मां दुर्गा मंदिर में नींव करौरी बाबा के जन्मोत्सव पर गुरुवार को शुरू हुए अखंड पाठ में हनुमान चालीसा पढ़ते स्कूली बच्चे।

हनुमान चालीसा पाठ समिति एवं समर्थवान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन हो रहा है। मंदिर परिसर सुबह से ही राम-नाम और हनुमान चालीसा की स्वर लहरियों से गूंज उठा।

संस्थापक अध्यक्ष पं. मनीष शर्मा और मनोज गर्ग ने बताया कि हनुमान चालीसा की प्रत्येक चौपाई महामंत्र के समान प्रभावशाली है, जो भय, दुख, रोग, मानसिक तनाव और नकारात्मकता को दूर करती है। सतत पाठ आत्मबल बढ़ाता है और सफलता के मार्ग खोलता है।

इस अनुष्ठान में करीब एक दर्जन स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक ऊर्जावान हो गया। किन्नर समाज के सदस्यों ने भी मंदिर पहुंचकर चौपाइयों का पाठ किया, जिसने इस आयोजन को सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया।

राम नाम लेखन महायज्ञ में शहर के समाजसेवियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। पूरा मंदिर परिसर भक्ति, संगीत, दीपों और राम-नाम की गूंज से सराबोर रहा। अखंड हनुमान चालीसा पाठ का विराम शुक्रवार सुबह 11 बजे होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे हवन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर महंत गोपी गुरु, सुरेश चन्द गर्ग, मनीष अग्रवाल, प्रवीण कोहली, आशीष जैन, अमन कोहली, राजकुमार शर्मा, अमित शर्मा, माधव शर्मा, राकेश शर्मा, रितु शर्मा, आकाश रावत, जतिन सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor