नीम करौरी बाबा जन्मोत्सव पर 24 घंटे का अखंड हनुमान चालीसा पाठ, किन्नर समाज और स्कूलों के बच्चे भी जुड़ेंगे
आगरा। महान संत त्रिकालदर्शी नीम करौरी बाबा के 125वें जन्मोत्सव पर होने जा रहा दो दिवसीय अखंड श्री हनुमान चालीसा पाठ का धार्मिक आयोजन अब अंतिम रूप ले चुका है। मंगलवार को संजय प्लेस स्थित यूथ हॉस्टल पर हनुमान चालीसा पाठ समिति एवं समर्थवान संस्था के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का लोकार्पण किया।
संस्थापक अध्यक्ष पंडित मनीष शर्मा ने बताया कि यह पहली बार है जब 27 और 28 नवंबर को नामनेर स्थित प्राचीन आदिशक्ति माँ दुर्गा सेवी मंदिर पर 24 घंटे का अखंड हनुमान चालीसा पाठ आयोजित होगा। बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर राम नाम लेखन महायज्ञ में भी बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे।
पाठ 27 नवंबर की सुबह 9 बजे शुरू होगा, जो लगातार 24 घंटे चलता रहेगाऔर 28 नवंबर को सुबह 11 बजे विराम होगा। दोपहर 12 बजे हवन और भंडारा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
समिति सदस्य मनीष अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आकर्षण के रूप में शहर के स्कूलों को सनातन संस्कृति से जोड़ने की अनूठी पहल की गई है।
हर घंटे 10 विद्यार्थियों का एक ग्रुप सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और भक्ति परंपरा की समझ को मजबूत करना है।
इस विशेष आयोजन में किन्नर समाज भी सम्मिलित होगा और अखंड पाठ में भाग लेकर सामाजिक सौहार्द और समरसता का अद्वितीय संदेश देगा। समिति का मानना है कि धर्म और भक्ति का उत्सव सभी को जोड़ता है और यही आयोजन “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त करता है।
कार्यक्रम के दौरान मनोज गर्ग, प्रवीण कोहली, आशीष जैन, अमन कोहली, राजकुमार शर्मा, अमित शर्मा, माधव शर्मा, राकेश शर्मा, रितु शर्मा, आकाश रावत, जतिन सहित अनेक पदाधिकारी और भक्त उपस्थित रहे।