गोविंद कुंड पर 251 अभ्यासी-स्वयंसेवकों ने चलाया सफाई अभियान, दिया ‘स्वच्छ ब्रज, दिव्य ब्रज’ का संदेश
मथुरा। ब्रज की धार्मिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखने के लिए रविवार को गोवर्धन स्थित गोविंद कुंड पर 251 अभ्यासी एवं स्वयंसेवकों ने स्वच्छता सेवा कर धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में ‘ब्रज वैभव अभियान’ के तहत आयोजित इस पहल में स्वयंसेवकों ने गोविंद कुंड और उसके आसपास सफाई की तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से ब्रज के धार्मिक स्थलों की पवित्रता और प्राकृतिक परिवेश बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
अभियान की शुरुआत सामूहिक ध्यान से हुई। इसके बाद सभी अभ्यासी एवं स्वयंसेवक स्वच्छता सेवा में जुट गए। उन्होंने कुंड और आसपास के क्षेत्र की सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के माध्यम से धार्मिक विरासत के संरक्षण के साथ पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
हार्टफुलनेस एक वैश्विक आध्यात्मिक संस्था है, जो ध्यान एवं योग के माध्यम से आंतरिक शांति और आत्म-विकास को प्रोत्साहित करती है। इसके वैश्विक मार्गदर्शक कमलेश डी. पटेल पद्म भूषण से सम्मानित आध्यात्मिक मार्गदर्शक हैं। वह सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए लोगों को प्रेरित करते हैं।
स्वच्छता सेवा में मथुरा, आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, गुरुग्राम, भरतपुर, डीग, इगलास, कान्हा, खैर, हाथरस, टप्पल, सरसा, जयपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, भोपाल और हैदराबाद सहित विभिन्न केंद्रों से आए अभ्यासी एवं स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने ‘स्वच्छ ब्रज, दिव्य ब्रज, हमारा ब्रज’ और ‘हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है’ जैसे नारों के जरिए जन-जागरूकता का संदेश दिया। ‘ब्रज वैभव अभियान’ के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता को बढ़ावा देकर ब्रज की धार्मिक विरासत और प्राकृतिक परिवेश को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने की पहल की जा रही है।