माथुर वैश्य इंटरनेशनल क्लब के 26वां वार्षिक अधिवेशन में संगठन, सेवा और संकल्प का संगम, अशोक कुमार गुप्ता ने ली गवर्नर की शपथ
सेवा, संगठन और सामाजिक संकल्प की भावना को सशक्त करते हुए माथुर वैश्य इंटरनेशनल क्लब का 26वां वार्षिक अधिवेशन ‘आरोही–2026’ रविवार को भव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ। देशभर से आए 1200 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संगठन की एकता, उपलब्धियों और भावी योजनाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला।
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रांड मार्क्योर में आयोजित माथुर वैश्य इंटरनेशनल क्लब के 26वें वार्षिक अधिवेशन ‘आरोही–2026’ का मुख्य आकर्षण गवर्नर पद का शपथ ग्रहण समारोह रहा। इस अवसर पर अशोक कुमार गुप्ता ने विधिवत रूप से गवर्नर पद की शपथ ली। गवर्नर 2025 रीता अलंकार ने उन्हें दायित्व सौंपा।
अपने उद्बोधन में अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि उनका संकल्प है कि वर्ष 2026 में संगठन को सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक क्लब की सक्रिय भागीदारी से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना प्राथमिक लक्ष्य रहेगा।
अधिवेशन की मुख्य अतिथि आगरा की मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रचना गुप्ता रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति बाबू रोशनलाल गुप्ता, समाजसेवी सुरेन्द्र गुप्ता और श्रीभगवान रैपुरिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ‘मामा’ ने संगठन की राष्ट्रीय भूमिका पर प्रकाश डालते हुए समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्लब की प्रथम महिला नलिनी गुप्ता का भी सम्मान किया गया।
अधिवेशन सचिव राजेश गुप्ता ने बताया कि देशभर के लगभग 70 क्लबों से आए 1200 से अधिक प्रतिनिधियों अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और पीआरओ ने अधिवेशन में सहभागिता की। वर्षभर किए गए सेवा कार्यों की समीक्षा के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्लबों को सम्मानित किया गया। चार्टर गवर्नर बी.एन. गुप्ता सहित अनेक पूर्व गवर्नरों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन दिया।