बरेली में 30वां उत्तरायणी मेला शुरू, बिखरी उत्तराखंड की सांस्कृतिक छटा, सीएम धामी नहीं आ पाए

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली क्लब मैदान में मंगलवार से शुरू हुए 30वें उत्तरायणी मेले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का प्रस्तावित दौरा अंतिम समय में अचानक स्थगित हो गया। हालांकि मुख्यमंत्री के न पहुंच पाने के बावजूद मेले का शुभारंभ पूरे उत्साह, पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ किया गया, जिससे उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की भव्य छटा बरेली में देखने को मिली।

Jan 13, 2026 - 15:54
 0
बरेली में 30वां उत्तरायणी मेला शुरू, बिखरी उत्तराखंड की सांस्कृतिक छटा, सीएम धामी नहीं आ पाए
बरेली में मंगलवार को 30वें उत्तरायणी मेले के शुभारंभ के मौके की तस्वीर जो उत्तराखंड की सांस्कृतिक छटा बिखेर रही है।

बरेली में मंगलवार को उत्तरायणी मेले का शुभारंभ करते महामंडलेश्वर स्वामी वीरेंद्रानंद महाराज। 

उत्तरायणी जनकल्याण समिति द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक मेले का औपचारिक उद्घाटन महामंडलेश्वर स्वामी वीरेंदरनंद महाराज ने फीता काटकर किया। समिति के अध्यक्ष अमित पंत ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के किसी कारणवश न आ पाने के चलते उद्घाटन कार्यक्रम महामंडलेश्वर स्वामी वीरेंदरनंद महाराज द्वारा संपन्न कराया गया।

रंगयात्रा ने बढ़ाया उत्साह

उद्घाटन से पूर्व मंगलवार सुबह बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कोतवाली से उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की भव्य रंगयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ढोल-दमाऊं की गूंज, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप और लोकनृत्यों ने शहरवासियों का मन मोह लिया। रंगयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मेला स्थल तक पहुंची, जहां दर्शकों ने कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

लोकसंस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक

मेले में उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, वेशभूषा, हस्तशिल्प और लोककलाओं की सुंदर झलक देखने को मिल रही है। समिति के अध्यक्ष अमित पंत, महामंत्री मनोज पांडेय और कोषाध्यक्ष कमलेश बिष्ट ने बताया कि आम जनता के लिए मेले में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। मेला प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।

अगले दो दिनों का कार्यक्रम

आयोजकों के अनुसार, मेले के दूसरे दिन बुधवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहीं शाम के सत्र में डीडीहाट (पिथौरागढ़) के विधायक विशन सिंह चुफाल दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। मेले के अंतिम दिन महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और नैनीताल सांसद अजय भट्ट के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

छह सांस्कृतिक दल दे रहे प्रस्तुतियां

सांस्कृतिक प्रभारी पूरन दानू ने बताया कि इस बार उत्तराखंड सरकार की ओर से छह सांस्कृतिक दल मेले में अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं, जो कुमाऊं और गढ़वाल की लोकपरंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। मेला प्रभारी चंदन नेगी, प्रकाश पाठक और कैप्टन शेर सिंह अपनी पूरी टीम के साथ आयोजन को सफल और यादगार बनाने में जुटे हुए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor