भारत-पाक तनाव के बीच बंद किए गए 32 एयरपोर्ट दोबारा हुए चालू, यात्रियों ने ली राहत की सांस
नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच जारी युद्ध जैसी स्थिति के चलते सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किए गए 32 एयरपोर्ट्स को अब दोबारा संचालन की अनुमति दे दी गई है। इन एयरपोर्ट्स के बंद होने से हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो रही थी। अब स्थिति में स्थिरता के संकेत मिलने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इनके पुनः संचालन की घोषणा की है।
सिविल एविएशन मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वायु सेना की प्राथमिकताओं को देखते हुए इन एयरपोर्ट्स को कुछ समय के लिए बंद किया गया था, लेकिन अब हवाई यातायात सामान्य रूप से शुरू कर दिया गया है।
फिर से चालू हुए कुछ प्रमुख एयरपोर्ट्स
जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, श्रीनगर, पठानकोट, हिसार, लेह और कारगिल एयरपोर्ट (लद्दाख), , जयपुर, बीकानेर और उदयपुर एयरपोर्ट (राजस्थान) आदि सहित कुल 32 एयरपोर्ट फिर से खुल गये हैं।
यात्रियों को मिली राहत
लगातार उड़ानें रद्द होने और बुकिंग में उथल-पुथल के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही थी। अब उड़ानें फिर से शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है और एयरलाइन कंपनियों ने भी नियमित संचालन शुरू कर दिया है।