रोटरी क्लब ऑफ आगरा के नेत्र जांच शिविर में 350 बच्चों का किया नेत्र परीक्षण

आगरा। रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 की आरोग्यम पहल के तहत आज कमलानगर स्थित सेक्रेड मदर जूनियर स्कूल में एक नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का संचालन नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल सिंह के नेतृत्व में किया गया।

Apr 24, 2025 - 21:32
 0
रोटरी क्लब ऑफ आगरा के नेत्र जांच शिविर में 350 बच्चों का किया नेत्र परीक्षण
रोटरी क्लब ऑफ आगरा द्वारा लगाए गए नेत्र परीक्षण शिविर में बच्चों की आंखों की जांच करते चिकित्सक।

शिविर के दौरान डॉ. सिंह की टीम द्वारा विद्यालय के लगभग 350 विद्यार्थियों की प्राथमिक स्क्रीनिंग की गई। जिन बच्चों में नेत्र संबंधित समस्याएं पाई गईं, उन्हें डॉ. राहुल सिंह द्वारा मुफ्त परामर्श प्रदान किया गया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी और कहा कि आवश्यकता होने पर बड़ी स्क्रीन जैसे एलईडी टीवी का उपयोग करना बेहतर होगा। डॉ. सिंह के अनुसार छोटी स्क्रीन की तेज रोशनी और निरंतर उपयोग से आंखों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है और तनाव बढ़ता है।

रोटरी क्लब ऑफ आगरा की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने जानकारी दी कि क्लब शहर के विभिन्न स्कूलों में स्वास्थ्य और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्यरत है। आरोग्यम कार्यक्रम इसी श्रृंखला का एक भाग है, जिसका उद्देश्य कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और प्रारंभिक जांच सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस आयोजन को सफल बनाने में रोटेरियन तुलिका बंसल, शैलेन्द्र नाथ शर्मा, सुनील कपूर, उदित बंसल और मनोज आर. कुमार का विशेष योगदान रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या कृतिका तहिलयानी ने रोटरी क्लब ऑफ आगरा के सभी सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।