किश्तवाड़ में बादल फटने से अब तक 38 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में कुदरत ने कहर बरपाया है। यहां जिले के चशोती गांव में बादल फटने से बड़ा नुकसान हो गया है। आपदा में अभी तक 38 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 100 लोगों को अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।

Aug 14, 2025 - 19:24
 0
किश्तवाड़ में बादल फटने से अब तक 38 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी


श्रीनगर। जम्मू- कश्मीर के किश्तवाड़ आपदा में मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। एसडीआरएफ के एडीजीपी के अनुसार, किश्तवाड़ की घटना में कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज़्यादा घायल हैं. कुछ घायलों को किश्तवाड़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

किश्तवाड़ के चिशोती गांव में बादल फटने के बाद सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स के जवान बचाव और राहत कार्यों के लिए तेज़ी से जुट गए हैं। इन जवानों की प्राथमिकता लोगों की जिंदगी बचाना और फंसे हुए लोगों की सहायता करना है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है। ये जवान राहत सामग्री, मेडिकल टीम और बचाव उपकरण लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

किश्तवाड़ में आई बाढ़ को लेकर जम्मू-कश्मीर के उप-मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा कि यह बादल फटने की एक बड़ी घटना है। हम कल स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उन्हीं तैयारियों के बीच यह हादसा हो गया। भारी नुकसान हुआ है और जहां तक हताहतों की संख्या का सवाल है, मैं आपको सटीक संख्या नहीं बता पाऊँगा, संख्याएं गलत नहीं होनी चाहिएं। हमें कुछ जानकारी मिली है, लेकिन मैं अभी उसका खुलासा नहीं करूंगा। जहां तक घायलों की बात है, उनकी संख्या लगभग 98-100 है। सीएम पर्सनली इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दुख जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने से आई तबाही के कारण कई लोगों की मौत और कईयों के लापता होने की ख़बर बेहद दुखद है। मैं प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और लापता लोगों के जल्द मिलने की आशा करता हूं। प्रशासन से आग्रह है कि राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाएं. कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि प्रशासन का सहयोग और ज़रूरतमंदों की हरसंभव मदद करें।"

किश्तवाड़ त्रासदी पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स हेंडल पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को मैं भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। इस हादसे में प्रभावित सभी परिवारों और व्यक्तियों की कुशलता एवं सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।"