आगरा में सड़क हादसों से मौतों में 39% वृद्धि, परसों से लागू होगा ‘नोट हेलमेट नौ फ्यूल’ अभियान

आगरा। जनपद आगरा में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में चिंताजनक 39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी 2024 से जुलाई 2024 तक जहां 323 लोगों की हादसों में मौत हुई, वहीं जनवरी 2025 से जुलाई 2025 तक यह संख्या बढ़कर 449 तक पहुंच गई। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

Aug 30, 2025 - 19:12
 0
आगरा में सड़क हादसों से मौतों में 39% वृद्धि, परसों से लागू होगा ‘नोट हेलमेट नौ फ्यूल’ अभियान
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी। मौजूद हैं अन्य अधिकारी।

जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में शनिवार को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 सितम्बर से 30 सितम्बर तक पूरे जनपद में ‘नौ हेलमेट नौ फ्यूल’  का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बिना हेलमेट किसी भी वाहन चालक को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पम्प संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ओवरस्पीडिंग और लापरवाही बनी बड़ी वजह

बैठक में बताया गया कि ओवरस्पीडिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना सीटबेल्ट और बिना हेलमेट वाहन चलाना ही सड़क हादसों के प्रमुख कारण हैं। अध्ययन में पाया गया कि हेलमेट पहनने वालों की दुर्घटनाओं में मृत्यु की संभावना बेहद कम रही है।

डीएम का कड़ा संदेश- जीरो टॊलरेंस

डीएम ने स्पष्ट किया कि नौ हेलमेट नौ फ्यूल अभियान का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। सभी पेट्रोल पंपों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वाले पंप संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

गड्ढा मुक्त सड़कें और अतिक्रमण पर सख्ती

डीएम ने शहर के मार्गों पर गड्ढा मुक्ति अभियान को शिथिलता से लागू करने पर नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि सभी गड्ढों को तत्काल भरा जाए तथा बारिश के बाद पूर्ण सड़क निर्माण कराया जाए।
ग्वालियर रोड और एनएच-19 पर पीडब्ल्यूडी और जिला पंचायत द्वारा बनवाए गए नालों पर अतिक्रमण का मामला भी बैठक में सामने आया। जिलाधिकारी ने अतिक्रमण करने वालों को 15 दिन में नोटिस जारी कर पक्के निर्माण हटाने और अनुपालन न करने पर विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया।

मेट्रो निर्माण से बढ़ रही समस्या

बैठक में यह भी बताया गया कि एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के कारण मार्ग संकरा हो गया है। इस मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप गलत दिशा से आने वाले वाहनों को भी पेट्रोल दे रहे हैं, जो हादसे का बड़ा कारण है। डीएम ने संबंधित पंपों को नोटिस देने और इस प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।

आगरा के सड़क हादसों का डेटा

जनवरी 2025 से जुलाई 2025 तक मौतें – 449 (39% वृद्धि)

एक्सप्रेस-वे – 21 मौतें।

नेशनल हाइवे – 108 मौतें।

स्टेट हाइवे – 26 मौतें।

एमडीआर – 44 मौतें।

ओडीआर – 224 मौतें (सर्वाधिक)।

वीआर – 26 मौतें।
सिर्फ जुलाई 2025 में ही आईआरएडी (डेवलपमेंट एंड इंप्लीमेंटेशन ऒफ इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट) डाटाबेस के अनुसार 78 सड़क हादसों की घटनाएं दर्ज की गईं।

गोल्डन ऒवर में मददगार को मिलेगा इनाम

उत्तर प्रदेश सरकार की पहल के तहत, कोई भी व्यक्ति सड़क हादसे के समय घायल को गोल्डन ऒवर में अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे 25,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और पुलिस उससे कोई भी अनावश्यक पूछताछ नहीं करेगी।

बैठक में मौजूद थे ये अधिकारी

इस बैठक में एआरटीओ प्रवर्तन आलोक अग्रवाल, ललित कुमार, आरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेन्द्र सिंह वर्मा, बीएसए जितेंद्र कुमार गौड़, जिला आबकारी अधिकारी कृष्णपाल यादव, एनएचएआई प्रतिनिधि और विद्यालयों के प्रबंध समिति के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor