आगरा में 43 पाकिस्तानियों को वापसी के लिए कहा गया, कुछ की वापसी हो चुकी
आगरा। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की सख्ती का असर अब ज़मीनी स्तर पर दिखने लगा है। केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानियों के वीजा रद्द करने के आदेश के बाद आगरा में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी शुरू हो गई है। आगरा से 43 पाकिस्तानियों को वापस भेजा जाना है।
एलआईयू के अनुसार, आगरा में इन दिनों कुल 43 पाकिस्तानी नागरिक ठहरे हुए थे, जिनमें से कई पर्यटक और रिश्तेदारी में आए लोग शामिल हैं। सरकार के फैसले के मुताबिक सभी को भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिये जा रहे हैं।
ताजगंज से अटारी बॉर्डर रवाना
ताजगंज क्षेत्र की मल्को गली में अपनी ससुराल में आए एक पाकिस्तानी पुरुष और उसकी भारतीय पत्नी को कल ही अटारी बॉर्डर के लिए रवाना कर दिया गया। भारत सरकार के इस फैसले के बारे में जानकारी मिलते ही यह दंपति खुद ही खुफिया दफ्तर पहुंच गये और अपने बारे में जानकारी देकर पाकिस्तान की ओर रवानगी कर दी।
आगरा के दयालबाग इलाके में इन दिनों रह रहे पाकिस्तान से आए 10 हिंदू नागरिकों को भी स्थानीय खुफिया इकाई ने देश छोड़ने का आदेश दिया है। इन सभी को भी सरकार के फैसले के बारे में बताया जा चुका है। खुफिया विभाग उन पाकिस्तानियों तक भी पहुंच रहा है जो लम्बी अवधि का वीजा लेकर आगरा में रह रहे हैं।