एक एक क्लास में 70 से 80 तक छात्र, शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित, अभिभावक संघ ने उठाई आवाज
आगरा। जनपद के कई विद्यालयों में एक कक्षा में 70 से 80 से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। इस विषय को लेकर अभिभावक संघ ने आज जिला विद्यालय निरीक्षक (द्वितीय) विश्व प्रताप सिंह को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि उत्तर प्रदेश शासन के शासनादेश संख्या 17/2016/1435/सात-2-2016-15(3)/2014 दिनांक 09 सितंबर 2016 के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक छात्र-शिक्षक अनुपात 30:1 तथा कक्षा 6 से 8 तक 35:1 निर्धारित है। इसके बावजूद कई विद्यालयों में छात्रों की संख्या तीन गुना तक अधिक है।
अभिभावक संघ के संयोजक डॉ.मदन मोहन शर्मा ने बताया कि यह स्थिति न केवल शिक्षण की गुणवत्ता को प्रभावित कर रही है, बल्कि शिक्षकों पर भी अनुचित दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन शासनादेशों का खुला उल्लंघन कर रहे हैं, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में है।
ज्ञापन में अभिभावक संघ ने मांग की है कि इस अनियमितता की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। दोषी विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई हो। भविष्य में अनुपात संबंधी शासनादेशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। ड्रेस व पुस्तकें खरीदने हेतु एक ही दुकान का दबाव बंद किया जाए।
अभिभावक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो जन आंदोलन किया जाएगा।