हेल्प आगरा हॊस्पिटल पर 75 लोगों ने किया रक्तदान, जरूरतमंदों के लिए बना जीवनदान का संकल्प
आगरा। जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसएस जैन युवा संगठन और हेल्प आगरा के संयुक्त तत्वावधान में मोती कटरा स्थित हेल्प हॉस्पिटल में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में 75 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
शिविर में महिलाओं के साथ-साथ हेल्प आगरा के 7 ड्राइवरों और स्टाफ की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। वहीं हीमोग्लोबिन की कमी के चलते 9 लोग रक्तदान नहीं कर सके। समर्पण ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित यह शिविर शहर के प्रमुख रेडीमेड कपड़ा कारोबारी आजाद कुमार सुराना को समर्पित रहा।
रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए 6-6 लोगों के समूह बनाकर लकी ड्रा के माध्यम से 12 रक्तदाताओं को डेढ़ ग्राम चांदी का ब्रेसलेट भेंट किया गया, जिससे शिविर में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर एस एस जैन युवा संगठन के अध्यक्ष अमित जैन, महासचिव आशीष जैन, अंशुल सोनी, श्रीमती विनीता सुराना, प्रियंका सुराना, कोमल सुराना सहित हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ, नरेश जैन, विशेष बंसल, अजय मित्तल, राजीव गुप्ता, नितिन अग्रवाल, नंदकिशोर गोयल मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज में सेवा और जागरूकता की भावना को मजबूत करते हैं।