खेल-खेल में पहुंची मौत के मुहाने पर, मिट्टी की ढाई गिरने से फतेहपुर सीकरी में 8 वर्षीय परी गंभीर

फतेहपुर सीकरी के उंदेरा गांव में मिट्टी लेने गई 8 वर्षीय बालिका परी पर मिट्टी की ढाई गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे मिट्टी से बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

Jun 5, 2026 - 18:41
 0
खेल-खेल में पहुंची मौत के मुहाने पर, मिट्टी की ढाई गिरने से फतेहपुर सीकरी में 8 वर्षीय परी गंभीर
बच्ची का उपचार करते चिकित्सक।

आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के उंदेरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के बाहर मिट्टी लेने गई 8 वर्षीय बालिका पर अचानक मिट्टी की ढाई (मिट्टी का बड़ा ढेर) भरभराकर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, कोमल सिंह की 8 वर्षीय पुत्री परी अन्य बच्चों के साथ गांव के बाहर मिट्टी लेने गई थी। इसी दौरान मिट्टी की ढाई अचानक ढह गई और परी उसके नीचे दब गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। 

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद परी को मिट्टी से बाहर निकाला।घटना के बाद परिजन घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर सीकरी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया।

घायल बालिका के चाचा बनवारी ने बताया कि परी अन्य बच्चों के साथ मिट्टी लेने गई थी, तभी अचानक मिट्टी का ढेर भरभराकर गिर पड़ा और वह उसकी चपेट में आ गई। फिलहाल आगरा में उसका उपचार चल रहा है।इस हादसे के बाद गांव में चिंता और मायूसी का माहौल है। परिजन बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।