धर्मांतरण गैंग से जुड़े 84 लोग और चिह्नितः पुलिस अकाट्य सबूत जुटा रही, एनआईए, ईडी और आईबी भी जुटीं

आगरा में सामने आया यह धर्मांतरण गैंग महज एक आपराधिक प्रकरण नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक, सामाजिक और आंतरिक सुरक्षा पर गहरा हमला है। पीड़ितों की गवाही, एजेंसियों की सक्रियता और पुलिस की निर्णायक कार्रवाई इस रैकेट के खिलाफ एक निर्णायक मोड़ बन सकती है।

Jul 23, 2025 - 12:07
 0
धर्मांतरण गैंग से जुड़े 84 लोग और चिह्नितः पुलिस अकाट्य सबूत जुटा रही, एनआईए, ईडी और आईबी भी जुटीं

आगरा। धर्मांतरण गैंग का पर्दाफाश कर इसकी जड़ों तक पहुंचने में जुटी आगरा पुलिस को नित नई जानकारियां मिल रही हैं। अब तक गिरफ्तार किए जा चुके 11 आरोपियों से रिमांड पर हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने 84 ऐसे लोगों की सूची तैयार की है जो किसी न किसी रूप में धर्मांतरण गैंग से जुड़े रहे हैं। यह सूची पुलिस के लिए अगली बड़ी कार्रवाई का आधार बन चुकी है। सूत्रों की मानें तो जल्द ही इन सभी पर शिकंजा कसने के लिए दबिशों का दौर शुरू होगा।

गिरफ्त में गैंग का सरगना, पुलिस कमिश्नर ने बनाई स्पेशल टीम

धर्मांतरण रैकेट के सरगना अब्दुल रहमान समेत 11 लोगों को आगरा पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। सभी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने इस हाई प्रोफाइल मामले की तह तक पहुंचने के लिए तेजतर्रार अफसरों की एक स्पेशल टीम गठित की है, जो पूरे एक्शन में है।

चार्जशीट में होगी सच्चाई की तस्वीर, कोर्ट में पुख्ता सबूत पेश करने की तैयारी

पुलिस का पूरा फोकस अब इस गैंग की करतूतों के खिलाफ मजबूत और अकाट्य साक्ष्य जुटाकर अदालत में पेश करने पर है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह चार्जशीट आगरा के इतिहास में सबसे संगठित धर्मांतरण गिरोह का काला चिट्ठा साबित होगी।

अली उर्फ पीयूष बन सकता है सरकारी गवाह

गिरफ्तार आरोपियों में जयपुर निवासी अली उर्फ पीयूष सिंह पंवार ने पुलिस के सामने स्वीकार किया है कि वह गुमराह हो गया था। उसने अपनी मां से मिलने की इच्छा जताई और मूल धर्म में लौटने की बात भी कही। पुलिस उसके पछतावे के भाव को देखते हुए उसे सरकारी गवाह बनाने पर विचार कर सकती है।

हरियाणा की दलित युवती ने कोर्ट में खोला पूरा सच

हरियाणा की एक दलित युवती, जिसे दिल्ली में अब्दुल रहमान के ठिकाने से बरामद किया गया था, ने आगरा कोर्ट में बयान दर्ज करा दिए हैं। उसने बताया कि किस तरह जुनैद नामक युवक ने सोशल मीडिया के ज़रिए उसे फंसाया, शादी से 12 दिन पहले उसे भगाकर दिल्ली लाया, जहां अब्दुल रहमान ने उसका धर्म परिवर्तन कराकर जुनैद से निकाह करा दिया।

इस युवती के परिवार के लोग हरियाणा पुलिस के साथ आगरा आ चुके थे। कोर्ट में बयान होने के बाद आगरा पुलिस ने जब इस युवती को परिजनों के हवाले किया तो माता-पिता और बेटी गले मिलकर खूब रोए। बेटी को अपनी भूल पर पछतावा था जबकि माता-पिता उसे हिम्मत बंधा रहे थे।

आगरा की दो बहनों में बदलाव, काउंसलिंग से टूट रहे भ्रम के घेरे

धर्मांतरण गैंग की शिकार बनी आगरा की दो बहनों के रवैये में भी अब नरमी देखी जा रही है। निरंतर काउंसलिंग और सनातन धर्म की मूल अवधारणाओं से उन्हें जागरूक किया गया। अब उन्होंने हिजाब और बुर्का उतार दिया है। पहले जो बहनें इस्लाम की कट्टर दलीलों से सनातन धर्म को खारिज करती थीं, अब पुलिस को उम्मीद है कि वे भी जल्द सामान्य स्थिति में लौटकर केस की गवाह बन सकती हैं।

अब्दुल रहमान अब भी कट्टर, पत्नी वीडियो से कर रही बचाव

गैंग का सरगना अब्दुल रहमान, जो पहले महेंद्र नाम का हिंदू था, अब भी अपने कट्टर विचारों से टस से मस नहीं हुआ है। पुलिस पूछताछ में भी वह कहता रहा कि अगर सजा हो भी जाए तो उसे जन्नत मिलेगी। वहीं उसकी पत्नी ने एक वीडियो जारी कर उसके कर्मों को जायज ठहराने की कोशिश की है।

केंद्रीय एजेंसियों द्वारा विदेश फंडिंग और आतंकी एंगल की जांच

धर्मांतरण गैंग को विदेशों से फंडिंग की जानकारी सामने आने के बाद अब केंद्र सरकार की तीन बड़ी एजेंसियां राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और खुफिया ब्यूरो (आईबी) भी आगरा में जांच में जुट गई हैं। ये एजेंसियां मनी लांड्रिंग, नेटवर्किंग और आतंकवादी संगठनों से संभावित संबंधों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। अब तक यूपी एसटीएफ और आगरा पुलिस ही जांच कर रही थी।

SP_Singh AURGURU Editor