शटर काटकर नौ लाख की चोरी: आगरा के शिवाजी मार्केट में वारदात, व्यापारी दहशत में
आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में देर रात बड़ी चोरी की वारदात ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी। शिवाजी मार्केट स्थित लवीना गारमेंट्स की दुकान का शटर काटकर नकाबपोश चोर नौ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। इससे मार्केट के दुकानदारों में भारी दहशत फैल गई है।
आगरा। थाना रकाबगंज क्षेत्र के बिजलीघर स्थित शिवाजी मार्केट की एक दुकान का शटर काटकर चोर नौ लाख रुपये नगद चुराकर ले गए। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद से मार्केट के दुकानदार काफ़ी भयभीत हैं। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। इसी दुकान में चोर पहले भी चोरी कर चुके हैं।
बीती देर रात करीब दो बजे नकाबपोश चोर शिवाजी मार्केट स्थित लवीना गारमेंट्स की दुकान का शटर काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान के कैश काउंटर में रखे करीब नौ लाख रुपए चुरा लिए। सुबह जब दुकानदार शोभराज पहुंचे तो वह हक्के बक्के रह गए।
शोभराज ने बताया कि चोरों ने इसी दुकान को कुछ साल पहले भी निशाना बनाया था। चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
पुलिस एक साल पहले इसी दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर चुकी है। इस बार भी पुलिस जल्द चोरों को गिरफ्तार करने में सफल होगी।