सुहागरात से पहले 90 लाख की डिमांड, दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा, गहने लेकर फरार

आगरा के जगदीशपुरा में नवविवाहिता ने सुहागरात से पहले 90 लाख रुपये की मांग रखी। पैसे न मिलने पर गहने लेकर मायके चली गई। आरोप है कि उसके परिजनों ने ससुराल में ताला लगाकर पीएनजी गैस लाइन तोड़ दी और जिंदा जलाने की कोशिश की। पुलिस ने 112 कॉल पर पहुंचकर परिवार को बचाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Apr 11, 2026 - 12:35
 0
सुहागरात से पहले 90 लाख की डिमांड,  दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा, गहने लेकर फरार
इमेज फोटो

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक नवविवाहिता ने शादी के अगले ही दिन सुहागरात से पहले 90 लाख रुपये नकद की मांग रख दी। इस अप्रत्याशित शर्त ने पूरे ससुराल पक्ष को स्तब्ध कर दिया।

परिवार के मुताबिक, जब दूल्हे और उसके घरवालों ने इतनी बड़ी रकम तुरंत देने में असमर्थता जताई, तो दुल्हन ने कथित तौर पर रिश्ता निभाने से इनकार कर दिया। मामला यहीं नहीं रुका, आरोप है कि वह घर में रखे सभी गहने लेकर अपने मायके चली गई।

घटना ने उस समय और भी खतरनाक मोड़ ले लिया, जब पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुल्हन के परिजन ससुराल पहुंचे और घर को बाहर से बंद कर दिया। परिवार के अनुसार, दबाव बनाने के लिए पीएनजी गैस की लाइन तोड़ दी गई, जिससे घर में आग लगने का खतरा पैदा हो गया। आरोप है कि यह कदम उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश के रूप में उठाया गया।

भयावह स्थिति में फंसे परिवार ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला खुलवाकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना जगदीशपुरा में नवविवाहिता और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।