वृंदावन के 96 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी रामप्रकाश गर्ग ने दी देहदान की अमर सीख
वृंदावन के 96 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी रामप्रकाश गर्ग का निधन होने के बाद उनके परिवार ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए उनका पार्थिव शरीर एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा को दान कर दिया, ताकि भावी चिकित्सक अध्ययन एवं शोध के माध्यम से मानव सेवा को आगे बढ़ा सकें।
आगरा। वृंदावन के रंगजी का नगला निवासी और लोकतंत्र सेनानी रामप्रकाश गर्ग (96) का हाल ही में निधन हो गया। जीवनभर समाजसेवा और राष्ट्रहित में समर्पित रहे रामप्रकाश गर्ग ने देहदान का संकल्प लिया था। परिवारजनों ने उनकी इस इच्छा को पूरा करते हुए उनका पार्थिव शरीर श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के सहयोग से एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा को दान किया।
देहदान की प्रक्रिया सुनिश्चित कराने के लिए उनके पुत्र वीरेन्द्र गर्ग ने ‘प्रयास फाउंडेशन’ के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल से संपर्क किया। सूचना मिलते ही बजाजा कमेटी ने निःशुल्क शव-वाहन वृंदावन भेजा, जिसके माध्यम से पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक आगरा लाया गया।
एस.एन. मेडिकल कॉलेज में एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अंजलि गुप्ता की ओर से विभाग के कर्मचारी सुनील ने श्रद्धा और सम्मान के साथ देह को ग्रहण किया। इस दौरान पुत्र वीरेन्द्र गर्ग और गौरव गर्ग, बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, समाजसेवी कृष्ण कुमार अग्रवाल तथा नंदकिशोर गोयल मौजूद रहे।
परिवार और समाज के लोगों ने कहा कि रामप्रकाश गर्ग ने मृत्यु के बाद भी मानवता और सेवा की ऐसी मिसाल पेश की है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।