आगरा के भगवान नगर में मकान में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
आगरा। थाना कमला नगर क्षेत्र के भगवान नगर कॉलोनी में गुरुवार को एक मकान की तीसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा फ्लोर लपटों की चपेट में आ गया। घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस समय आग लगी, उस वक्त घर की महिला और एक बच्ची बाहर गई हुई थीं। आग की लपटें और धुआं देखकर पड़ोसियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि आग से घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य वजह से।
कमला नगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आसपास के लोगों को भी एहतियातन बाहर निकाला गया। मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।