एसएन मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन से जबड़े का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया

आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग में मंगलवार को एक जटिल व दुर्लभ सर्जरी के ज़रिए एक 35 वर्षीय मरीज के चेहरे से 8x10 सेमी आकार का विशाल ट्यूमर निकाला गया। यह ऑपरेशन न केवल जीवन रक्षक रहा, बल्कि चिकित्सकीय विशेषज्ञता का एक उदाहरण भी बन गया।

Jun 17, 2025 - 21:15
 0
एसएन मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन से जबड़े का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाला गया
मरीज और उसके जबड़े से निकाला गया ट्यूमर।

-मरीज को नया जीवन मिला, 8x10 सेमी ट्यूमर के साथ मैक्सीलेक्टोमी, आंख को सुरक्षित रखना रहा सबसे बड़ी चुनौती

विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि मरीज को पिछले दो वर्षों से दाईं नाक में गांठ, सांस लेने में तकलीफ और सूंघने की क्षमता में कमी की समस्या थी। ट्यूमर इतना फैल चुका था कि मरीज की आंख विस्थापित होने लगी थी और चेहरे पर सूजन भी बनी हुई थी।

जांच में पता चला कि यह फाइब्रो मिक्सोमा नामक एक आक्रामक ट्यूमर है, जो चेहरे की नाक, साइनस और आंखों की हड्डियों तक को क्षति पहुंचा चुका था। दो घंटे चले ऑपरेशन में यह वृहद ट्यूमर पूरी तरह निकाला गया और दाईं ओर का ऊपरी जबड़ा हटाना पड़ा।

ऑपरेशन के दौरान मरीज की आंख को सुरक्षित रखना सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा था, जिसे डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक पूरा किया। यह उपलब्धि डॉ. धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में ईएनटी विभाग की विशेषज्ञता और टीमवर्क का नतीजा है।

सर्जरी टीम में डॉ. सौम्यता नीरज, डॉ. श्रेया मनचंदा, डॉ. दीपा और एनेस्थीसिया टीम में डॉ. मंजरी, डॉ. कृष्णा और डॉ. काजल शामिल रहे।

फिलहाल मरीज को सुरक्षित और स्थिर स्थिति में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। मरीज अपने इलाज से पूर्ण रूप से संतुष्ट है। इस तरह की जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देना एसएन मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञता और सेवा समर्पण का प्रमाण है।

SP_Singh AURGURU Editor