आगरा के शमसाबाद में चलती कार बनी आग का गोला: बाल-बाल बचे शिक्षक समेत चार लोग

आगरा। थाना शमसाबाद क्षेत्र में बाईपास रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार में सवार आगरा निवासी शिक्षक दिनेश शर्मा अपने तीन साथियों के साथ स्कूल जा रहे थे। शमसाबाद क्रॉस करने के बाद अचानक कार से जलने की तेज़ गंध आने लगी और भीतर धुआं भरने लगा था।

Jun 17, 2025 - 11:16
Jun 19, 2025 - 19:50
 0
आगरा के शमसाबाद में चलती कार बनी आग का गोला: बाल-बाल बचे शिक्षक समेत चार लोग
शमसाबाद में मंगलवार को सुबह चलते-चलते आग लगने के बाद धू-धू कर जलती आई-10 कार। शिक्षक दिनेश शर्मा जो कार में सवार थे।

-आगरा से स्कूल जा रहे थे शिक्षक, अचानक धुआं उठा और देखते ही देखते खाक हो गई कार

 

वक्त रहते निकले बाहर, चारों की जान बची

धुआं देखकर शिक्षक दिनेश शर्मा ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी सवारों को बाहर निकाल लिया। आई-10 कार में चार लोग सवार थे। जैसे ही सभी बाहर निकले, कार का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिर गया।

फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक राख हो चुकी थी कार

आग इतनी तेज़ थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। लपटें देखकर राहगीरों में दहशत फैल गई और यातायात भी कुछ समय के लिए ठप हो गया। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट भी हो सकती है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

सूझबूझ ने बचाई चार जानें

इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। शिक्षक दिनेश शर्मा की सतर्कता और त्वरित निर्णय से एक बड़ा हादसा टल गया। अगर कुछ सेकंड की देरी होती, तो जान-माल का नुकसान हो सकता था।

 

SP_Singh AURGURU Editor