सीकरी में एक जिंदगी की दर्दनाक अंत: शाही तालाब में तैरता मिला 19 वर्षीय युवक का शव, तीन दिन पहले भी कूदने की कोशिश की थी
फतेहपुर सीकरी। ऐतिहासिक नगरी फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब शाही ग्वालियर गेट के समीप स्थित प्राचीन तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पहचान कराई। मृतक की पहचान 19 वर्षीय अमन पुत्र पप्पू अब्बासी निवासी फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर सीकरी से दुल्हारा मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर शाही ग्वालियर गेट के पास एक प्राचीन तालाब है, जिसमें वर्ष भर पानी रहता है। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में एक युवक का शव तैरते हुए देखा। दृश्य देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कस्बा प्रभारी प्रमोद यादव और प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को तालाब से निकलवाया।
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान अमन पुत्र पप्पू अब्बासी के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अमन को शराब पीने की लत थी और तीन-चार दिन पहले भी उसने बुलंद दरवाजे के पास स्थित शाही तालाब में कूदने की कोशिश की थी, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर रोक लिया था।
परिजनों के अनुसार अमन कुछ दिन पहले अलवर जाने की बात कहकर घर से निकला था। परिवार को लगा कि वह काम के सिलसिले में गया है, लेकिन शुक्रवार को तालाब में शव मिलने के बाद सच्चाई सामने आई। आशंका जताई जा रही है कि युवक ने जीवन से निराश होकर तालाब में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद से कस्बे में चर्चा का माहौल है और लोग युवक की असमय मौत पर दुख जता रहे हैं।