आगरा का चर्चित हेमनदास हत्याकांडः तीनों आरोपित भाइयों को आजीवन कारावास की सजा

आगरा। अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी) पुष्कर उपाध्याय ने राजामंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष हेमनदास हत्याकांड में आरोपित तीनों सगे भाइयों प्रांजल, चेतन और प्रवीन पुत्रगण स्व. राजू, निवासी गली मंशादेवी, राजामंडी को आजीवन कारावास तथा 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड न अदा करने पर दो माह के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।

Jun 4, 2025 - 15:35
 0
आगरा का चर्चित हेमनदास हत्याकांडः तीनों आरोपित भाइयों को आजीवन कारावास की सजा

इसके साथ ही कोर्ट ने तीनों अभियुक्तों को इसी मुकदमे में धारा 504 के तहत दो वर्ष के कारावास व पांच हजार रुपये जुर्माने तथा धारा 506 के अपराध के लिए भी दो वर्ष के कारावास व पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा न करने पर 15 दिन की अतिरिक्त कारावास सजा भुगतनी होगी।

सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता हेमंत दीक्षित ने बताया कि यह मामला वर्ष 28 नवंबर 2014 का है। अपर सत्र न्यायाधीश ने पिछले सप्ताह ही तीनों अभियुक्तों को हेमनदास हत्याकांड में दोषी ठहराया था और सजा के लिए 4 जून की तारीख मुकर्रर की थी।

इस मामले में वादी सुशील, पुत्र हेमनदास, निवासी आलोक नगर, जयपुर हाउस ने लोहामंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता हेमनदास राजामंडी बाजार के व्यापार मंडल के अध्यक्ष थे। उनका और परिवार का आरोपियों से वर्षों पुराना मुकदमेबाजी का विवाद चल रहा था।

2009 में प्रांजल ने सुशील के बड़े भाई हरीश पर तमंचे से फायर किया था, जिसके चलते वह जेल गया। जेल से छूटने के बाद कई बार धमकियां दी गईं। 28 नवंबर 2014 को हेमनदास जब स्कूटर से दुकान जा रहे थे, तभी गोविंद नगर में शाबिर की दुकान के पास प्रांजल, चेतन और प्रवीन मोटरसाइकिल से आए, उन्हें रोका, धमकाया और प्रांजल ने उसके पिता के ऊपर गोली चला दी। गोली लगने से हेमनदास वहीं गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

शासकीय अधिवक्ता हेमंत दीक्षित ने बताया कि इस हत्याकांड में थाना लोहामंडी में धारा 302, 34, 504, 506 के तहत मामला दर्ज करने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया था। अदालत ने आदेश दिया है कि अर्थदंड की धनराशि का आधा भाग मृतक हेमनदास की पत्नी अथवा उनके विधिक उत्तराधिकारी को प्रतिकर के रूप में दी जाए।

अभियुक्त प्रांजल इस समय कन्नौज जेल में बंद है, उसके खिलाफ सजा का अधिपत्र तैयार कर कन्नौज जेल में भेजा रहा है जबकि उसके दोनों भाइयों चेतन व प्रवीन को सजा भुगतने के लिए आगरा जिला कारागार भेज दिया गया।

बता दें कि राजामंडी बाजार कमेटी के अध्यक्ष हेमनदास की दिनदहाड़े हुई हत्या ने उस समय पूरे व्यापारिक क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। व्यापारी वर्ग ने इसे लेकर भारी विरोध भी जताया था।

SP_Singh AURGURU Editor